दो स्वर्ण सहित पांच पदकों पर जमाया कब्जा, क्षेत्र का बढ़ाया मान
भाटापारा। बलौदाबाजार में 3 से 6 अक्टूबर तक आयोजित राज्य स्तरीय शालेय कुराश प्रतियोगिता में भाटापारा मार्शल आर्ट्स अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण सहित पांच पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से भाटापारा का गौरव बढ़ा है। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपने दमदार खेल और उत्कृष्ट प्रदर्शन से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
प्रतियोगिता में भाटापारा के खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों और भार वर्गों में पदक हासिल किए। 14 वर्ष बालिका वर्ग में सेजल वैष्णव ने 28 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक, जबकि आराध्या ने 44 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। 17 वर्ष बालिका वर्ग में ओजस्वी बारीकर ने 40 किलोग्राम भार वर्ग में तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक हासिल किया। वहीं, प्रीति जायसवाल ने 44 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया। 19 वर्ष बालिका वर्ग में सेजल यदु ने 44 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता, जबकि दीपिका साहू ने 63 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर अनुपम अग्रवाल, आदित्य सिंह, बैजनाथ गुप्ता, वर्षा मिरी, गौतम मिरी, समीर घृतेश, रमा टण्डन, अवन्तिका कामरी, सवालेहा खान और अंकित दिवाकर सहित खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भाटापारा और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।






