ठोटी मड़ानार में मुक्तिधाम की जमीन पर कब्जे का आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्टर के जनदर्शन में सौंपा आवेदन

रमेश कुमार सलाम,कोण्डागांव। जिला मुख्यालय से लगे ग्राम पंचायत मुंगवाल के आश्रित ग्राम ठोटी मड़ानार में मुक्तिधाम (मरघट्टी) की भूमि को लेकर विवाद सामने आया है। ग्रामवासियों का आरोप है कि उनके पूर्वजों द्वारा गांव में अंतिम संस्कार के लिए मुक्तिधाम की भूमि आरक्षित की गई थी, लेकिन अब उक्त भूमि पर कब्जा किए जाने की स्थिति बन रही है।

ग्रामीणों के अनुसार, श्री मोहकम दास पिता झाड़ू दास द्वारा उक्त भूमि को अपनी पट्टे की जमीन बताते हुए उस पर अपना दावा किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जीपीएस सर्वे के दौरान भी मुक्तिधाम की भूमि को लेकर विवाद हुआ और ग्रामवासियों के साथ कहासुनी की स्थिति बनी।

अंतिम संस्कार के लिए जगह नहीं बचने की जताई चिंता

ग्रामवासियों ने चिंता जताई है कि यदि मुक्तिधाम की भूमि पर कब्जा हो जाता है, तो भविष्य में गांव में किसी व्यक्ति की मृत्यु होने पर अंतिम संस्कार के लिए जगह की समस्या उत्पन्न हो सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि मुक्तिधाम गांव की सार्वजनिक और महत्वपूर्ण भूमि है, जिसका संरक्षण आवश्यक है।

कलेक्टर के जनदर्शन में सौंपा आवेदन

इसी समस्या को लेकर दिनांक 13 अक्टूबर 2026 को ठोटी मड़ानार के समस्त ग्रामवासी कोण्डागांव जिला कलेक्टर के जनदर्शन में पहुंचे और आवेदन प्रस्तुत किया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जल्द जांच कराई जाए, भूमि के वास्तविक अभिलेखों एवं सीमाओं का सत्यापन किया जाए तथा मुक्तिधाम की भूमि को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।

अब ग्रामीणों को प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार है। ग्रामवासियों ने मांग की है कि मामले का जल्द संज्ञान लेकर मुक्तिधाम की भूमि को विधिवत सुरक्षित एवं आरक्षित किया जाए, ताकि भविष्य में अंतिम संस्कार के लिए गांव के लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

Hot Topics

Related Articles