बलौदाबाजार। नवरात्रि पर्व के दौरान मेले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुहेला पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। मेले में आने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान नियमों का पालन कराने के लिए पुलिस ने सख्ती बरती।
अभियान के तहत पुलिस ने मेले में पहुंचने वाले लोगों की जांच की। इस दौरान 100 से अधिक कड़े-चूड़े उतरवाए गए। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य मेले में किसी भी तरह के विवाद, मारपीट और हुड़दंग की आशंका को कम करना तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।
नवरात्रि के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन और मेले का आनंद लेने पहुंचते हैं। ऐसे में भीड़ को नियंत्रित करना और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सुहेला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान से असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और मेले में अनुशासन बनाए रखने की दिशा में सख्ती का संदेश दिया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि नवरात्रि मेले में शांति भंग करने या हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी जारी है।






