बलौदाबाजार। जिले के रायपुर-पलारी मार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। सोमवार देर रात पलारी थाना क्षेत्र के घोटिया मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इनमें से एक युवक ने बलौदाबाजार अस्पताल में दम तोड़ दिया, जबकि रायपुर रेफर किए गए अन्य दो युवकों की भी बुधवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। तीनों युवक आपस में मौसेरे भाई थे और नवरात्रि के अवसर पर पलारी आ रहे थे।
खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार बाइक
जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात तीनों युवक बाइक से दौदे से पलारी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान घोटिया मोड़ के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पलारी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान प्रेम धीवर (18 वर्ष) की बलौदाबाजार अस्पताल में मौत हो गई। वहीं, राज धीवर (18 वर्ष) और खिलेश्वर धीवर (18 वर्ष) की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रायपुर रेफर किया गया था।
रायपुर में इलाज के दौरान दो युवकों ने तोड़ा दम
रायपुर के डीकेएस अस्पताल में भर्ती राज धीवर और खिलेश्वर धीवर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे थे। बुधवार को उपचार के दौरान दोनों ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की संख्या तीन हो गई। पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। उनकी मौत की खबर से परिजनों और गांव में शोक की लहर फैल गई।
तीनों की उम्र थी महज 18 साल
हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवकों की उम्र महज 18 वर्ष थी। प्रेम धीवर और खिलेश्वर धीवर कोरासी गांव के निवासी थे, जबकि राज धीवर पलारी में रहता था। तीनों आपस में मौसेरे भाई थे। प्रेम के पिता दौदे में होटल चलाते हैं और प्रेम भी अपने पिता के साथ होटल के काम में हाथ बंटाता था।
नवरात्रि के अवसर पर पलारी आने की उनकी यात्रा आखिरी सफर साबित हुई। जिस घर में त्योहार की खुशियां होनी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घोटिया मोड़ पर पहले भी हो चुके हैं हादसे
घोटिया मोड़ को दुर्घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील स्थान माना जाता है। यहां पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता को उजागर किया है।
पलारी थाना प्रभारी प्रियस जान के अनुसार, हादसा पलारी थाना क्षेत्र में हुआ है, लेकिन तीनों युवकों की मौत अलग-अलग स्थानों पर हुई। संबंधित मर्ग डायरी प्राप्त होने के बाद मामले की जांच आगे बढ़ाई जाएगी। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की अपील की है।






