बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस की अपील, अनजान लिंक और फर्जी ऑनलाइन ऑफर से बचें
बलौदाबाजार-भाटापारा। गरबा उत्सव के दौरान सस्ते पास और आकर्षक ऑनलाइन ऑफर के नाम पर होने वाली साइबर ठगी से बचने के लिए बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने और ऑनलाइन ठगी से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
त्योहारी सीजन में साइबर ठग सस्ते गरबा पास, वीआईपी एंट्री और विशेष छूट का लालच देकर लोगों को निशाना बना सकते हैं। ठग सोशल मीडिया पर फर्जी विज्ञापन और आकर्षक ऑफर साझा कर लोगों को भुगतान करने के लिए प्रेरित करते हैं। कई बार ऑनलाइन भुगतान करने के बाद पास नहीं मिलता और संबंधित व्यक्ति का मोबाइल नंबर भी बंद हो जाता है।
पुलिस ने दी सावधानी बरतने की सलाह
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि गरबा पास खरीदते समय केवल आयोजकों के अधिकृत माध्यमों का ही उपयोग करें। सोशल मीडिया पर मिलने वाले अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें और किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर ऑनलाइन भुगतान न करें। पास खरीदने से पहले आयोजन की प्रामाणिकता और विक्रेता की विश्वसनीयता की जांच अवश्य करें।
इसके साथ ही किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी, यूपीआई पिन या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध ऑफर के झांसे में आने से पहले उसकी सत्यता की जांच करें।
सतर्कता ही साइबर ठगी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं जागरूक रहें और दूसरों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करें। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें और आधिकारिक पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।






