बलौदाबाजार। (सिमगा)राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 के अवसर पर ‘नशामुक्त भारत के लिए एकजुट कदम’ और ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ की थीम पर निकाली जा रही राष्ट्रव्यापी मोटरसाइकिल रैली 18 अक्टूबर 2026 को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सिमगा नगर पहुंची। यहां जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और पुलिस अधिकारियों ने रैली में शामिल छत्तीसगढ़ एवं ओडिशा पुलिस के जवानों का पुष्पहार पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। अभियान के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
रॉयल ढाबा के पास आयोजित हुआ स्वागत समारोह
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में सिमगा स्थित रॉयल ढाबा के पास रैली के स्वागत के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष आनंद यादव, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष भागवत सोनकर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन लाल सिन्हा, एसडीपीओ भाटापारा मयंक रणसिंह, सिमगा थाना प्रभारी परिवेश तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने रैली में शामिल अधिकारियों और जवानों का स्वागत कर अभियान के प्रति अपना समर्थन जताया।
‘नशा छोड़ो, परिवार जोड़ो’ का दिया संदेश 
स्वागत समारोह के बाद आयोजित जनजागरूकता कार्यक्रम में वक्ताओं ने नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और सामाजिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। समाज को नशामुक्त बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है।
इस दौरान ‘नशा छोड़ो, ताकत चुनो’, ‘नशा छोड़ो, परिवार जोड़ो’ और ‘नशा छोड़ो, अपना लक्ष्य चुनो’ जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। वक्ताओं ने स्वस्थ युवा, सुरक्षित समाज और मजबूत भारत के निर्माण के लिए नशामुक्त जीवन अपनाने पर जोर दिया।
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी एकता नगर की ओर बढ़ रही रैली
राष्ट्रव्यापी मोटरसाइकिल रैली में छत्तीसगढ़ पुलिस और ओडिशा पुलिस के जवान संयुक्त रूप से शामिल हैं। यह रैली छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से होते हुए अन्य राज्यों में नशामुक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जागरूकता का संदेश प्रसारित कर रही है। रैली का अंतिम गंतव्य गुजरात के एकता नगर स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी है।
सिमगा नगर में स्वागत, अल्प विश्राम और जनजागरूकता कार्यक्रम के बाद रैली अपने अगले पड़ाव बेमेतरा जिले के लिए रवाना हो गई। इस दौरान बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया।
नशामुक्त समाज के निर्माण पर जोर
‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना और आम नागरिकों में जागरूकता बढ़ाना है। सिमगा में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को नशे के खिलाफ एकजुट होकर कार्य करने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संदेश दिया गया।






