महाअष्टमी पर देवी मंदिरों में हवन-पूजन संपन्न, कन्या भोज कर बांटा प्रसाद

भाटापारा। महाअष्टमी के पावन अवसर पर नगर के देवी मंदिरों और दुर्गा पंडालों में हवन-पूजन सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। इस दौरान मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में दुर्गा उत्सव के रंग में रंगा नजर आया।

नगर के श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड हथनीपारा स्थित शीतला माता मंदिर में दुर्गा अष्टमी पर विधि-विधान से हवन-पूजन किया गया। पंडित द्वारा मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। मंदिर में मनोकामना ज्योत प्रज्वलित कराने वाले श्रद्धालुओं सहित बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने से मंदिर परिसर में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा।

पूजा-अर्चना के पश्चात नव कन्या भोज का आयोजन किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इसी तरह नगर के माता मंदिर, शारदा मंदिर सहित विभिन्न दुर्गा पंडालों में भी हवन-पूजन और कन्या भोज का आयोजन किया गया।

महाअष्टमी पर सुबह से ही देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। भक्तों ने माता रानी के दर्शन कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। धार्मिक आयोजनों और माता के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय नजर आया।

Hot Topics

Related Articles