धमतरी।छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जिसने पिछले आठ साल से करोड़ों की सरकारी संपत्ति यानी बेशकीमती हीरों को छिपाकर रखा था। भाटापारा के रहने वाले 64 वर्षीय विनोद अग्रवाल को धमतरी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने उस समय रंगे हाथों दबोचा, जब वह इन हीरों को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में भटक रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में हीरे जैसे बहुमूल्य पत्थर बरामद किए हैं, जिनकी बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।
यह पूरा मामला मुखबिर से मिली एक सटीक सूचना के बाद सामने आया। 18 अक्टूबर को जब धमतरी पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्धों की निगरानी कर रही थी, तभी उन्हें सूचना मिली कि नेशनल हाईवे 30 पर कोड़ापार नहर पुलिया के पास एक बुजुर्ग व्यक्ति संदिग्ध हालत में खड़ा है। मुखबिर ने बताया कि वह व्यक्ति अपने पास रखे कुछ बेहद कीमती पत्थरों का सौदा करने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही साइबर सेल और बिरेझर पुलिस की टीम ने तुरंत जाल बिछाया और घेराबंदी करके विनोद अग्रवाल को हिरासत में ले लिया। जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से चमकीले पत्थरों का जखीरा बरामद हुआ।
पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी विनोद अग्रवाल ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने स्वीकार किया कि उसने ये सारे बहुमूल्य पत्थर साल 2018 में गरियाबंद जिले के प्रसिद्ध पायलीखंड हीरा खदान क्षेत्र से अवैध रूप से चुराए थे। पिछले आठ सालों से उसने इन पत्थरों को बेहद सुरक्षित और छिपाकर रखा था ताकि किसी को भनक न लगे। इस बार दशहरे के त्योहारी सीजन के दौरान वह इन्हें मोटी रकम में खपाने की नीयत से धमतरी पहुंचा था, लेकिन सौदा होने से पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से कुल 146 नग हीरे जैसे सफेद चमकीले पत्थर जब्त किए हैं। तौल करने पर इन पत्थरों का कुल वजन 16.17 ग्राम और शुद्ध वजन 13.49 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख 15 हजार 200 रुपये तय की गई है। पत्थरों के अलावा पुलिस ने आरोपी का एक सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल, दो सक्रिय सिम कार्ड और 2,200 रुपये नगद भी अपने कब्जे में लिए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 21(4) और भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे 19 अक्टूबर को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।






