धुर्राबांधा में धूमधाम से मनाया गया दशहरा, रावण-कुंभकर्ण-मेघनाद के पुतलों का हुआ दहन

भाटापारा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम धुर्राबांधा में नवयुवक रामलीला मंडली ने किया भव्य आयोजन, सुख-शांति की कामना के साथ निकाली गई रामजी की सेना

भाटापारा। भाटापारा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धुर्राबांधा में विजयादशमी का पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नवयुवक रामलीला मंडली द्वारा विगत कई वर्षों से चली आ रही परंपरा का निर्वहन करते हुए 20 अक्टूबर को रावणभाठा मैदान में रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के विशाल पुतलों का दहन किया गया। पुतलों को आतिशबाजी से सजाया गया था, जिन्हें प्रभु श्रीराम के प्रतीक स्वरूप अग्नि प्रदान कर दहन किया गया। इस दौरान मैदान में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, विजयादशमी के दिन मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम ने लंकापति रावण का वध कर माता सीता को उसकी कैद से मुक्त कराया था। इसी प्रसंग को याद करते हुए दशहरे पर रावण दहन किया जाता है, जो बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है।

रावण दहन के पश्चात भगवान श्रीराम की सेना ने पूरी टीम के साथ गांव के विभिन्न चौक-चौराहों पर भ्रमण किया। इस दौरान राम नाम के जयकारों से गांव का वातावरण भक्तिमय हो गया। ग्रामीणों ने प्रभु श्रीराम का भव्य स्वागत किया तथा पूजा-अर्चना कर ग्राम में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की कामना की।

कार्यक्रम में नवयुवक रामलीला मंडली के अध्यक्ष श्री कलेश्वर वर्मा, श्री मोहनलाल वर्मा, मैनेजर जगदीश ध्रुव, ग्राम सरपंच श्रीमती मंजू हेमचंद वर्मा, पूर्व सरपंच हेमंत कुमार वर्मा सहित राकेश, शीतल महाराज, प्रमोद, पप्पू, कृपा, रामप्रसाद, रामकुमार, विजय, कमलेश, कन्हैया वर्मा एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

ग्राम धुर्राबांधा में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम ने ग्रामीणों में उत्साह, आस्था और सामाजिक एकता का संदेश दिया। विजयादशमी का पर्व लोगों को सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देकर संपन्न हुआ।

Hot Topics

Related Articles