जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों की होगी जांच, नारायणा अस्पताल रायपुर के विशेषज्ञ चिकित्सक देंगे सेवाएं
बलौदाबाजार, 22 अक्टूबर 2026। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत 23 अक्टूबर को जिला चिकित्सालय बलौदाबाजार में विशेष स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर सुबह 9 बजे से शुरू होगा। इसमें चिरायु दल द्वारा चिन्हांकित जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार की व्यवस्था की जाएगी।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में रायपुर के एमएमआई नारायणा अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम सहयोग करेगी। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा बच्चों की स्वास्थ्य जांच की जाएगी तथा उनकी स्थिति के अनुसार आवश्यक उपचार संबंधी कार्रवाई की जाएगी।
बच्चों को मिलेगा विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श
शिविर का मुख्य उद्देश्य चिरायु कार्यक्रम के अंतर्गत चिन्हांकित बच्चों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श और बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें समय पर उचित स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। इस पहल से जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी ने संबंधित अधिकारियों एवं चिरायु दल को शिविर के सफल आयोजन के लिए आवश्यक समन्वय और व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।






