बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार द्वारा धोबी समाज के हितों और विकास के लिए गठित छत्तीसगढ़ रजककार विकास बोर्ड में अध्यक्ष की नियुक्ति तो कर दी गई है लेकिन अब तक उपाध्यक्ष और तीन सदस्यों की नियुक्ति नहीं हो पाई है। लंबे समय से इन पदों पर नियुक्तियों का इंतजार कर रहे समाज के लोगों ने इस मामले में मुख्यमंत्री से पहल करने की मांग की है। समाज का कहना है कि बोर्ड में सभी पदों पर नियुक्तियां होने से समाज के विकास से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी और उनकी समस्याओं को प्रभावी ढंग से शासन के समक्ष रखा जा सकेगा।
भाजपा सरकार ने 02 अप्रैल 2025 को छत्तीसगढ़ रजककार विकास बोर्ड के अध्यक्ष की जिम्मेदारी प्रहलाद रजक को सौंपी। वही 03 मई को पदभार ग्रहण किया गया। साथ ही अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद भी बोर्ड में उपाध्यक्ष और तीन सदस्यों के पद रिक्त हैं। समाज के लोगों का कहना है कि बोर्ड का गठन समाज के विकास कल्याण और विभिन्न समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के उद्देश्य से किया गया है। ऐसे में बोर्ड के सभी पदों पर नियुक्तियां होना जरूरी है जिससे इसकी कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
अन्य बोर्डो में नियुक्तियां, रजककार बोर्ड में अभी भी इंतजार : धोबी समाज के लोगों ने इस बात पर ध्यान आकर्षित किया है कि प्रदेश में अन्य कई विकास बोर्ड में अध्यक्ष के साथ उपाध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्तियां भी की जा चुकी हैं। इसके बावजूद छत्तीसगढ़ रजककार विकास बोर्ड में उपाध्यक्ष और तीन सदस्यों की नियुक्ति अब तक नहीं होने से समाज के लोगों में निराशा है। उनका कहना है कि जब अन्य बोर्डो में नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की जा रही है तो रजककार विकास बोर्ड के रिक्त पदों पर भी जल्द निर्णय लेना चाहिए। धोबी समाज के लोगों का कहना है कि बोर्ड में उपाध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति होने से समाज की समस्याओं जरूरत और विकास जुड़े मुद्दों को बेहतर तरीके से उठाया जा सकेगा। साथ ही समाज के लोगों और शासन के बीच समन्वय स्थापित करने में भी मदद मिलेगी। रिक्त पदों पर नियुक्तियां होने से बोर्ड की टीम पूरी होगी और समाज के हित में योजनाओं तथा विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में सहयोग मिलेगा।
मुख्यमंत्री से जल्द नियुक्ति करने की मांग: समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मांग की है कि छत्तीसगढ़ रजककार विकास बोर्ड में रिक्त उपाध्यक्ष और तीन सदस्यों के पदों पर जल्द नियुक्तियां की जाए। समाज का कहना है कि अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद अब शेष पदों को भी भरने की दिशा में सरकार को शीघ्र निर्णय लेना चाहिए। इससे धोबी समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा और समाज के विकास से जुड़ी अपेक्षाओं को पूरा करने की दिशा में पहल हो सकेगी। समाज के लोगों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री इस मांग पर गंभीरता से विचार करेंगे और जल्द नियुक्ति की घोषणा की जाएगी।






