बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र के गांवों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने और ग्रामीण विकास की गति तेज करने के लिए 6.60 करोड़ रुपए से 67 विभिन्न निर्माण कार्यों की स्वीकृति दी गई है।
इस बहुप्रतीक्षित राशि से ग्रामीण अंचलों में सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे में सुधार होगा। नए आंगनबाड़ी भवन बनेंगे। सार्वजनिक वितरण प्रणाली की राशन दुकान के भवन बनेंगे। मुक्तिधामों में शेड व प्रतीक्षालय बनेंगे। नए पंचायत भवनों का निर्माण होगा। इन स्वीकृतियों से गांवों का समग्र विकास होगा।
स्थानीय स्तर पर ग्रामीणों को बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर मिलेंगे। ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था को मजबूती देने के लिए 18 शासकीय विद्यालयों में 7-7 लाख रुपए की लागत से दो-दो अतिरिक्त कमरों का निर्माण होगा। इससे बच्चों को बैठने की पर्याप्त जगह मिलेगी। पढ़ाई के माहौल में सुधार होगा। बच्चों के पोषण, टीकाकरण और पूर्व-प्राथमिक शिक्षा की बेहतर व्यवस्था के लिए 17 नए आंगनबाड़ी भवनों को मंजूरी मिली है। इससे कार्यकर्ताओं और बच्चों को सर्वसुविधायुक्त पक्के भवन उपलब्ध होंगे। राशन वितरण को पारदर्शी व सुगम बनाने के लिए पीडीएस भवन का निर्माण होगा।
पंचायत की प्रशासनिक गतिविधियों के लिए नए पंचायत भवन बनेंगे। अंतिम संस्कार में आने वाले ग्रामीणों की सुविधा के लिए मुक्तिधामों में शेड व प्रतीक्षालय का निर्माण होगा। 1.26 करोड़ रुपए की लागत से जिन 18 शासकीय स्कूलों में 2-2 अतिरिक्त कक्ष बनाए जाएंगे, उनमें कोनारी, ताराशिव, टोहड़ा, भूमिया, तुलसी (मानपुर), सिलपट्टी, कोटा, देवरी, निनवा, बिलाड़ी, बुंदेली, सिरवे, छतौद, ओटगन, खम्हरिया, सतभांवा, सांकरा और चांपा के स्कूल शामिल हैं। स्वीकृत निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद ग्रामीणों को शासकीय सेवाओं का लाभ लेने में सहूलियत होगी। निर्माण गतिविधियां शुरू होने से स्थानीय मजदूरों, राजमिस्त्रियों व कारीगरों को गांव में ही रोजगार मिलेगा।







