बलौदाबाजार, 29अक्टूबर। राज्य शासन द्वारा डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा देने और नागरिकों को घर बैठे शासकीय सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। सेवा सेतु पोर्टल पर अब 900 से अधिक सेवाएं उपलब्ध हैं। इसी कड़ी में कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देशानुसार बुधवार को विकासखंड पलारी में स्कूल शिक्षा विभाग की नई सेवाओं के प्रभावी संचालन के लिए प्राचार्यों का विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
45 प्राचार्यों ने लिया प्रशिक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम में पलारी विकासखंड के सभी शासकीय विद्यालयों के कुल 45 प्राचार्यों ने भाग लिया। इस दौरान उन्हें सेवा सेतु पोर्टल की नई कार्यप्रणाली और इसके माध्यम से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं की जानकारी दी गई।
छात्रवृत्ति और स्थानांतरण प्रमाण पत्र की सुविधा
प्रशिक्षण में पोर्टल पर हाल ही में जोड़ी गई स्कूल शिक्षा विभाग की सेवाओं पर विशेष जोर दिया गया। इनमें अस्वच्छ धंधों में लगे परिवारों के बच्चों के लिए विशेष छात्रवृत्ति तथा स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) से संबंधित सेवाएं प्रमुख हैं। इन सुविधाओं के डिजिटल होने से विद्यार्थियों और अभिभावकों को स्कूल बदलने या टीसी प्राप्त करने के लिए आवेदन करने में आसानी होगी।
आवेदनों का होगा त्वरित निराकरण
प्रशिक्षण के माध्यम से प्राचार्यों को विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के आवेदनों का पोर्टल के जरिए त्वरित एवं सुगम निराकरण करने में मदद मिलेगी। इससे शासकीय सेवाओं की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनेगी।
प्रशासन का उद्देश्य डिजिटल माध्यम से शिक्षा विभाग की योजनाओं और सेवाओं को आम नागरिकों तक सरलता से पहुंचाना है। सेवा सेतु पोर्टल पर सेवाओं के विस्तार और अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रशिक्षण से जमीनी स्तर पर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।







