वैदिक गणित प्रतियोगिता में अर्जुनी के भाई-बहन दिखाएंगे प्रतिभा, धनबाद में लेंगे हिस्सा

निशा वर्मा और चंद्रहास वर्मा का अखिल भारतीय प्रतियोगिता के लिए चयन, विद्यालय में खुशी का माहौल

अर्जुनी। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अर्जुनी के दो विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा के दम पर अखिल भारतीय स्तर पर पहचान बनाई है। विद्यालय की बहन निशा वर्मा और भैया चंद्रहास वर्मा का चयन अखिल भारतीय वैदिक गणित प्रश्न मंच प्रतियोगिता के लिए हुआ है। दोनों विद्यार्थी 21, 22 और 23 नवंबर को झारखंड के धनबाद में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। विद्यालय के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब यहां के दो विद्यार्थियों का चयन अखिल भारतीय स्तर की वैदिक गणित प्रतियोगिता के लिए हुआ है।

विभाग से अखिल भारतीय स्तर तक का सफर

सत्र 2026-27 के अंतर्गत आयोजित वैदिक गणित प्रश्न मंच प्रतियोगिता की शुरुआत विभाग स्तर पर माना में हुई। इसके बाद प्रांत स्तरीय प्रतियोगिता महासमुंद और क्षेत्र स्तरीय प्रतियोगिता सरस्वती विहार, रायपुर में आयोजित की गई। इन विभिन्न चरणों में विद्यालय के 19 भैया-बहनों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

विद्यालय के संरक्षक भगवती सेन ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर निशा वर्मा का चयन गणितीय प्रदर्शन वर्ग में, जबकि चंद्रहास वर्मा का चयन किशोर वर्ग प्रश्न मंच के लिए अखिल भारतीय प्रतियोगिता में हुआ है।

इससे पहले प्रांत स्तरीय प्रतियोगिता के लिए विद्यालय के 18 विद्यार्थियों का चयन हुआ था। वहीं, क्षेत्र स्तरीय प्रतियोगिता में चार विद्यार्थियों ने स्थान बनाया। इनमें से दो विद्यार्थियों ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

प्राचार्य ने दी विद्यार्थियों को बधाई

विद्यालय के प्राचार्य चैन सिंह वर्मा ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय के आचार्यों एवं दीदियों के मार्गदर्शन और विद्यार्थियों के अथक परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने वैदिक गणित प्रमुख एवं आचार्य माखनलाल साहू को भी इस सफलता के लिए बधाई दी।

प्राचार्य ने आशा व्यक्त की कि आगामी वर्षों में विद्यालय के अधिक से अधिक विद्यार्थी अखिल भारतीय स्तर की प्रतियोगिताओं में चयनित होकर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।

विद्यालय परिवार में हर्ष

दो विद्यार्थियों के अखिल भारतीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने पर विद्यालय परिवार और महावीर शिक्षण समिति के सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त की। सभी ने निशा वर्मा और चंद्रहास वर्मा को बधाई देते हुए धनबाद में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

Hot Topics

Related Articles