नवागांव में 60 वर्षों से शरद पूर्णिमा पर हो रहा मानस गान, 11 मंडलियों ने दी प्रस्तुति

24 घंटे का अखंड रामचरित मानस पाठ, अर्धरात्रि मानस गान और महाप्रसादी का हुआ आयोजन

अर्जुनी। ग्राम नवागांव में शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर छह दशक पुरानी धार्मिक परंपरा का निर्वहन करते हुए 24 घंटे का अखंड रामचरित मानस पाठ, अर्धरात्रि मानस गान एवं महाप्रसादी का आयोजन किया गया। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी कार्यक्रम सेवानिवृत्त उच्च श्रेणी शिक्षक मालिक राम वर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। आयोजन में 11 मानस गान मंडलियों ने भाग लेकर भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों का संगीतमय वर्णन किया। भक्तिमय प्रस्तुतियों से पूरा गांव राममय हो गया।

11 मानस मंडलियों ने दी भक्तिमय प्रस्तुति

अर्धरात्रि मानस गान में बालिका मानस मंडली जुड़ा, बालिका मानस मंडली टोपा, शिवशंकर मानस मंडली अमलीडीह, श्रीराम मानस मंडली और रामकिंकर मानस मंडली करमदा सहित अन्य मंडलियों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। मंडलियों ने रामचरित मानस के विभिन्न प्रसंगों का गायन कर श्रद्धालुओं को भक्तिरस से सराबोर किया। ग्राम सरपंच लता भीम वर्मा ने मानस मंडलियों का स्वागत किया।

धार्मिक आयोजन में जुटे ग्रामीण

कार्यक्रम में सरपंच प्रतिनिधि भीम वर्मा, पूर्व सरपंच होरीलाल वर्मा, शिक्षक धनेश वर्मा, राकेश कुमार वर्मा, नोकराम वर्मा, मनहरण लाल वर्मा, संतोष वर्मा, भूपेश निषाद, कुंभकरण साहू, नर्मदा साहू, दीपक मानिकपुरी, मनोज वर्मा, शुभम वर्मा, सुनील वर्मा, खोमेश्वर साहू, गोदावरी वर्मा, गीता वर्मा, गीता निषाद, धनुष निषाद, सेवानिवृत्त शिक्षक गंगा प्रसाद यदु, कुंभज वर्मा, सूरज वर्मा, अमित वर्मा, रवि वर्मा और गगन निषाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

आयोजन के दौरान भोजनालय एवं महाप्रसादी की व्यवस्था में पुन्नी बाई साहू और केजा यादव ने सहयोग प्रदान किया।

छह दशक से कायम है धार्मिक परंपरा

ग्राम नवागांव में पिछले 60 वर्षों से शरद पूर्णिमा पर मानस गान की परंपरा निरंतर चली आ रही है। इस आयोजन के माध्यम से ग्रामीणों को धार्मिक आस्था और भक्ति से जुड़ने का अवसर मिलता है। साथ ही, सामूहिक सहभागिता से सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव को भी मजबूती मिलती है। इस वर्ष भी आयोजन ने गांव में भक्तिमय वातावरण निर्मित किया और पुरानी परंपरा के प्रति ग्रामीणों की आस्था को प्रदर्शित किया।

Hot Topics

Related Articles