शहर में धूमधाम से मना पर्व, ग्रामीण क्षेत्रों में सादगी के साथ महिलाओं ने की पूजा-अर्चना
भाटापारा। पति की लंबी आयु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना को लेकर महिलाओं ने गुरुवार को करवा चौथ का व्रत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया। इस पर्व को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बदलते समय के साथ करवा चौथ मनाने के तौर-तरीकों में भले ही बदलाव आया है, लेकिन इस पर्व के प्रति महिलाओं की आस्था और परंपराओं के प्रति समर्पण आज भी कायम है।
भाटापारा शहर के कृष्णा सिटी, कृष्णा नगर, वृंदावन कॉलोनी सहित विभिन्न वार्डों में करवा चौथ का पर्व धूमधाम से मनाया गया। कई स्थानों पर महिलाओं ने समूह में एकत्रित होकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिरों में भी दिनभर चहल-पहल रही। महिलाओं ने देवी मंदिरों में पहुंचकर परिवार की सुख-शांति और खुशहाली की कामना की। इस दौरान करवा चौथ की कथा सुनी गई और घर के बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया गया। कई महिलाओं ने बुजुर्गों को उपहार भेंट कर उनका सम्मान भी किया।
पूरे दिन निर्जला व्रत रखने के बाद महिलाओं को चांद निकलने का इंतजार रहा। देर रात चंद्र दर्शन कर महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा की और पति के हाथों जल ग्रहण कर अपना व्रत पूरा किया।
ग्रामीण क्षेत्रों में सादगी के साथ मना पर्व
शहरी क्षेत्रों में जहां करवा चौथ को लेकर बाजारों में रौनक और खरीदारी का माहौल देखने को मिला, वहीं ग्रामीण अंचलों में यह पर्व पारंपरिक सादगी के साथ मनाया गया। भाटापारा क्षेत्र के टेहका, सिंगारपुर, तरंगा, रोहरा, सुहेला, निपनिया, सुरखी, खोखली, देवरी, कोदवा, कोटमी और अर्जुनी सहित आसपास के गांवों में भी महिलाओं ने व्रत रखकर पति की लंबी उम्र और परिवार की खुशहाली की कामना की। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना कर पर्व की परंपरा निभाई।







