सीपत पुलिस ने आरोपी ग्रामीण के खिलाफ अपराध दर्ज किया
कमलकांत पाटनवार
बिलासपुर/सीपत
सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत का निराकरण करने फोन करने पर महिला तहसीलदार से ग्रामीण गाली-गलौज करने लगा। अधिकारी के मना करने के बावजूद आरोपी ने दोबारा कॉल कर अभद्रता की। पीड़िता की शिकायत पर सीपत पुलिस ने आरोपी साहेब लाल रात्रे के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे अतिरिक्त तहसीलदार प्रकृति ध्रुव कार्यालय में काम कर रही थीं। इसी दौरान सीएम हेल्पलाइन में ऑनलाइन ऋण पुस्तिका से संबंधित शिकायत के निराकरण के लिए उन्होंने आवेदक साहेब लाल रात्रे को फोन किया। बातचीत के दौरान आरोपी अचानक तैश में आ गया और महिला अधिकारी को अश्लील गालियां देने लगा। मना करने पर भी वह नहीं रुका, तो तहसीलदार ने फोन काट दिया। इसके बाद आरोपी ने दोबारा कॉल कर गाली-गलौज की। उस समय पास बैठीं नायब तहसीलदार पूनम कनौजे ने भी बातचीत सुनी।
पेनड्राइव में दी कॉल रिकॉर्डिंग
घटना की जानकारी मस्तूरी तहसीलदार प्रकाश साहू को देने के बाद प्रकृति ध्रुव सीपत थाने पहुंचीं। उन्होंने कॉल रिकॉर्डिंग पेनड्राइव में पुलिस को सौंपकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।







