जियाउल खान ,लखनपुर सरगुजा ।
- 1 नवंबर 2026 से 3358 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी शुरू करने की मांग
लखनपुर। ब्लॉक किसान कांग्रेस अध्यक्ष अजर राम चौधरी ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए राजीव गांधी किसान न्याय योजना की चौथी किस्त सहित बकाया धान अंतर राशि का तत्काल भुगतान करने की मांग की है।
अजर राम चौधरी ने कहा कि किसानों का 6066 करोड़ रुपये बकाया होने का मुद्दा गंभीर है। सरकार को दीपावली से पहले किसानों की लंबित राशि जारी कर उन्हें आर्थिक राहत देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी उपज बेचने और खेती-किसानी से जुड़े खर्चों के लिए आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने पिछले वर्ष धान खरीदी के दौरान टोकन प्राप्त करने में किसानों को हुई परेशानियों का जिक्र करते हुए कहा कि इस बार ऐसी स्थिति नहीं बननी चाहिए। धान खरीदी शुरू होने से पहले टोकन, बारदाना, तौल और परिवहन सहित सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएं, ताकि किसानों को धान बेचने के लिए भटकना न पड़े।
चौधरी ने मांग की कि 1 नवंबर 2026 से 3358 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा विपक्ष में रहते हुए भी 1 नवंबर से धान खरीदी शुरू करने की मांग करती थी। अब सरकार को किसानों के हित में समय रहते खरीदी शुरू कर अपना वादा निभाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि किसानों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि बकाया राशि का समय पर भुगतान और सुचारू धान खरीदी के लिए पर्याप्त सुविधाएं चाहिए। सरकार को किसानों की समस्याओं का समाधान करते हुए उनकी उपज की निर्बाध खरीदी सुनिश्चित करनी चाहिए।







