नवा रायपुर में आज से भारतीय वायुसेना का ‘सारंग एयर शो’: आरंग-बिलासपुर रूट से आने वाले दर्शकों के लिए यातायात और पार्किंग की विशेष गाइड

  • नवा रायपुर में दो दिवसीय हवाई रोमांच की शुरुआत

रायपुर।छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम क्षेत्र में आज यानी 1 नवंबर से दो दिवसीय सारंग एयर शो का भव्य आयोजन होने जा रहा है। 1 और 2 नवंबर को चलने वाले इस कार्यक्रम में भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध एरोबेटिक टीम ‘सारंग’ आसमान में हेलीकॉप्टरों से हैरतअंगेज और शानदार हवाई करतब दिखाएगी। इस अद्भुत प्रदर्शन को देखने के लिए प्रदेशभर से भारी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना है, जिसे देखते हुए जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षा व यातायात सुचारू रखने के कड़े इंतजाम किए हैं।

आरंग, महासमुंद और बिलासपुर मार्ग से आने वालों के लिए निर्धारित रूट

विभिन्न जिलों से आने वाले दर्शकों की सुविधा के लिए तीन प्रमुख प्रवेश मार्ग बनाए गए हैं। इसमें आरंग, खरोरा, महासमुंद, बलौदाबाजार और बिलासपुर की ओर से आने वाले दर्शकों को सेरीखेड़ी मार्ग का उपयोग करना होगा। इन दिशाओं से आने वाले सभी वाहन सबसे पहले सेरीखेड़ी से नवागांव पहुंचेंगे और वहां से उमरिया होते हुए नवागांव रेलवे क्रॉसिंग को पार करेंगे। रेलवे क्रॉसिंग पार करने के बाद दर्शकों के वाहन सीधे क्रिकेट स्टेडियम टर्निंग से होते हुए कार्यक्रम स्थल के वीआईपी और सामान्य प्रवेश क्षेत्रों में दाखिला ले सकेंगे।

स्टेडियम के पास तीन प्रमुख रूटों के लिए 10 पार्किंग स्थल तय

ट्रैफिक व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए प्रशासन ने कुल 10 बड़े पार्किंग स्थल (P-1 से P-10) चिन्हित किए हैं। आरंग, महासमुंद और बिलासपुर वाले रूट से आने वाले दर्शकों के वाहनों को पार्क करने के लिए स्टेडियम के ठीक पास स्थित P-7, P-8, P-9 और P-10 पार्किंग जोन अलॉट किए गए हैं। पुलिस ने अपील की है कि जाम की स्थिति से बचने के लिए सभी दर्शक अपने निर्धारित रूट का ही पालन करें और वाहनों को केवल तय की गई पार्किंग में ही खड़ा करें ताकि कार्यक्रम का आनंद बिना किसी बाधा के लिया जा सके।

Hot Topics

Related Articles