रायपुर।छत्तीसगढ़ शासन द्वारा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के लिए चलाई जा रही महतारी वंदन योजना के तहत आज प्रदेश की माताओं-बहनों को एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। दीपावली के इस विशेष त्योहारी सीजन के बीच योजना की नवंबर माह की किस्त का अंतरण आज यानी 3 नवंबर को राज्योत्सव समारोह के दौरान किया जाएगा। त्योहार से ठीक पहले बैंक खातों में राशि आने की खबर से प्रदेश की महिलाओं और उनके परिवारों में भारी उत्साह और उमंग का माहौल देखा जा रहा है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे योजना की राशि का अंतरण
राज्योत्सव समारोह के मुख्य मंच से आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। इस विशेष अवसर पर दोनों नेताओं की उपस्थिति में प्रदेश की पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से करोड़ों रुपये की राशि सीधे भेजी जाएगी।
67 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में पहुंचेंगे ₹632 करोड़
इस कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ की कुल 67 लाख 40 हजार 410 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में महतारी वंदन योजना की राशि ट्रांसफर की जाएगी। शासन की ओर से सीधे महिलाओं के खातों में कुल 632 करोड़ 63 लाख 67 हजार 750 रुपये की भारी-भरकम राशि ट्रांसफर करने की पूरी तैयारी कर ली गई है, जिससे त्योहार के समय महिलाओं को आर्थिक रूप से बड़ी मदद मिलेगी।







