रायपुर।शिक्षा विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026 के लिए तिमाही और अर्धवार्षिक परीक्षाओं की विस्तृत समय-सारणी (टाइम-टेबल) आधिकारिक तौर पर जारी कर दी गई है। जारी किए गए निर्देशों के अनुसार, सत्र 2026-27 के अंतर्गत आयोजित होने वाली कक्षा 5वीं और 8वीं की केन्द्रीकृत बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए नमूना अंकसूची (सैंपल मार्कशीट) और नॉमिनल रोल दाखिल करने के लिए आवश्यक प्रपत्र भी उपलब्ध करा दिए गए हैं ताकि परीक्षाओं की प्रारंभिक तैयारियां समय पर पूरी की जा सकें।
सह-संज्ञानात्मक विषयों की भी होगी लिखित परीक्षा
इस बार विभाग ने परीक्षाओं को लेकर एक बड़ा और महत्वपूर्ण स्पष्टीकरण जारी किया है। इसके तहत अब सह-संज्ञानात्मक (Co-cognitive) विषयों के लिए भी अनिवार्य रूप से लिखित परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) के विद्यार्थियों के लिए कला शिक्षा और योग शिक्षा की लिखित परीक्षा होगी। वहीं, पूर्व माध्यमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) के छात्रों के लिए कला शिक्षा, योग शिक्षा के साथ-साथ व्यावसायिक शिक्षा विषय में भी लिखित परीक्षा लिया जाना तय किया गया है।
जिला स्तर पर तैयार होगी अलग समय-सारणी
सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि इन सह-संज्ञानात्मक विषयों की परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए जिला स्तर पर ही एक पृथक (अलग) समय-सारणी तैयार की जाए। जिला प्रशासन और स्कूल प्रबंधन को यह सुनिश्चित करना होगा कि इन विषयों की परीक्षाएं आगामी मुख्य परीक्षाओं के साथ ही व्यवस्थित रूप से आयोजित की जाएं।







