रायपुर।रायपुर के तेलीबांधा थाने में होटल कारोबारी और ‘द हनी बैजर न्यूज’ के संचालक दीपक टंडन तथा उनकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ एक नया मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी की लिखित शिकायत के बाद की गई है। इस नई एफआईआर के बाद दीपक टंडन की मुश्किलें और अधिक बढ़ती नजर आ रही हैं, क्योंकि रायपुर पुलिस अब उन्हें अपनी कस्टडी में लेने के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू कर चुकी है।
संपत्ति पर कब्जे और जान से मारने की धमकी के संगीन आरोप
शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों पति-पत्नी के खिलाफ संपत्ति पर जबरन कब्जा करने, अवैध रूप से परिसर में प्रवेश करने, अश्लील हरकतें करने, सरकारी सील तोड़ने और जान से मारने की धमकी देने जैसी विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस विभाग इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहा है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
ट्रांजिट रिमांड लेकर पूछताछ करेगी रायपुर पुलिस
दीपक टंडन को हाल ही में बिलासपुर पुलिस ने रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर इलाके से एक अन्य ब्लैकमेलिंग और वसूली के मामले में गिरफ्तार किया था। वर्तमान में वह दूसरी पुलिस की हिरासत में हैं, इसलिए रायपुर पुलिस अब तेलीबांधा वाले मामले में पूछताछ और आगे की कार्रवाई के लिए उन्हें अदालत से ट्रांजिट रिमांड पर लेने की तैयारी में जुट गई है। रिमांड मिलते ही पुलिस उन्हें रायपुर लाकर इस नए विवाद के संबंध में पूछताछ करेगी।
ब्लैकमेलिंग और हनीट्रैप का पुराना विवाद
उल्लेखनीय है कि दीपक टंडन का विवादों से पुराना नाता रहा है और वह इससे पहले तत्कालीन डीएसपी कल्पना वर्मा पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी और हनीट्रैप का आरोप लगाने के बाद सुर्खियों में आए थे। इसके अलावा उन पर यह भी आरोप हैं कि वे आधुनिक एआई तकनीक का दुरुपयोग करके लोगों की तस्वीरों से छेड़छाड़ करते थे, उनके आपत्तिजनक वीडियो या खबरें तैयार करते थे और फिर उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर मोटी रकम वसूलते थे।












