जियाउल खान ,लखनपुर सरगुजा
- जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत लोसंगा में आयोजित हुआ आदिवासी महातिहार, विधायक प्रबोध मिंज ने की शिरकत; पारंपरिक वाद्य यंत्रों, कृषि औजारों और जनजातीय खानपान की लगाई गई प्रदर्शनी
लखनपुर।जनजातीय गौरव सप्ताह के अवसर पर गोला मुट्ठी संगठन एवं आशा ज्योति निवास सोशल सेंटर लखनपुर के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम लोसंगा स्थित धान खरीदी केंद्र मैदान में जनजातीय लोकनृत्य महोत्सव ‘आदिवासी महातिहार’ का भव्य आयोजन किया गया। महोत्सव का मुख्य उद्देश्य आदिवासी समाज की गौरवशाली परंपराओं, लोक संस्कृति और प्राचीन विरासत का संरक्षण एवं संवर्धन करना तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक पहचान से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज रहे। पारंपरिक कर्मा गीतों और मांदर की थाप के बीच नृत्य करते हुए कलाकारों ने विधायक का आत्मीय स्वागत किया। पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार हाथ धुलाकर उन्हें कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश कराया गया। इसके पश्चात मैदान में स्थापित करम वृक्ष की डाल के नीचे विधायक ने विधिवत पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम का शुभारंभ आदिवासी समाज के महानायक भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। उपस्थित अतिथियों का बैच लगाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया।
महोत्सव में गोला मुट्ठी संगठन द्वारा आदिवासी संस्कृति पर आधारित विभिन्न प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए थे। इनमें पारंपरिक दलहन, तिलहन, कृषि कार्यों में उपयोग किए जाने वाले प्राचीन औजार तथा जनजातीय समाज के पारंपरिक खानपान की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही। विधायक प्रबोध मिंज ने सभी स्टॉलों का अवलोकन कर जनजातीय जीवनशैली और परंपराओं की सराहना की।
इस अवसर पर विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता के हितों के साथ-साथ जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और गौरव के संरक्षण के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आदिवासी बाहुल्य एवं पिछड़े क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता देते हुए सरकार द्वारा सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। पहुंचविहीन क्षेत्रों को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्रवासियों की मांग पर कई छोटी-बड़ी सड़क परियोजनाओं सहित अन्य विकास कार्यों को भी स्वीकृति दिलाई गई है। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आदिवासी समाज के लोगों को लाभान्वित करने का कार्य किया जा रहा है।
महोत्सव के दौरान विभिन्न पंचायतों से पहुंचे कर्मा नृत्य दलों के बीच प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में मांदर और अन्य लोक वाद्य यंत्रों की थाप पर मनमोहक करमा नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे आयोजन स्थल पर जनजातीय लोक संस्कृति और परंपराओं की अनूठी छटा देखने को मिली।
कार्यक्रम में विधायक प्रबोध मिंज, विधायक प्रतिनिधि राकेश साहू, कुन्नी मंडल अध्यक्ष विक्रम सिंह, जनपद अध्यक्ष शशिकला विक्रम सिंह, फादर आइजैक कुजूर, जोशफिन पाटिल, कामिल लकड़ा, बमदेव एक्का, नेवल कुजूर सहित विभिन्न पंचायतों के सरपंच, सचिव, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण और नर्तक दलों के सदस्य उपस्थित रहे।












