जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर शहर के पैलेस रोड स्थित मोती ज्वेलर्स शॉप में दीपावली से ठीक एक दिन पहले 7 नवंबर को हुई 1 करोड़ 75 लाख रुपये के सोने के आभूषणों की उठाईगिरी के मामले का बस्तर पुलिस ने सफलतापूर्वक पर्दाफाश कर दिया है। इस बड़ी वारदात को एक शातिर महिला गैंग ने अंजाम दिया था, जिसमें करीब आधा दर्जन लोग शामिल थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बास्तानार ब्लॉक के रायकोट जंगल से 1 महिला, 1 पुरुष और 2 नाबालिगों समेत कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश की जा रही है।
ग्राहक बनकर आए और बच्ची के झोले में डाला सोने का डिब्बा
मिली जानकारी के अनुसार, 7 नवंबर की शाम करीब साढ़े चार बजे महिलाओं और बच्चों का एक समूह ग्राहक बनकर संजय मार्केट के पास पैलेस रोड स्थित मोती ज्वेलर्स की दुकान में दाखिल हुआ था। आरोपियों ने ज्वेलरी देखने के बहाने दुकान के कर्मचारियों को अपनी बातों में उलझाए रखा। इसी दौरान मौका पाकर गैंग की सदस्यों ने बेहद सफाई से करीब 1200 ग्राम (1.2 किलो) सोने के झुमकों से भरा एक डिब्बा पार कर दिया और पास खड़ी एक बच्ची के झोले में डाल दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद पूरा गिरोह बड़ी ही आसानी से दुकान से बाहर निकलकर फरार हो गया। चोरी हुए इस सोने की कुल कीमत 1 करोड़ 75 लाख रुपये आंकी गई है।
सीसीटीवी फुटेज और स्कॉर्पियो के नंबर से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
ज्वेलरी शॉप में हुई इस बड़ी चोरी की पूरी वारदात दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की और दुकान तथा आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। बस्तर एएसपी सुखनंदन राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि फुटेज की बारीकी से जांच करने पर संदिग्धों और उस स्कॉर्पियो वाहन की पहचान हो गई, जिससे आरोपी वारदात को अंजाम देने के लिए जगदलपुर पहुंचे थे।
ग्रामीणों की पुष्टि के बाद दबिश, नाबालिग समेत चार गिरफ्तार
पुलिस की विशेष टीम ने स्कॉर्पियो वाहन को ट्रैक करते हुए आरोपियों के ठिकाने का पता लगाया और सीधे उनके गांव रायकोट के पथरेली उरवा जा पहुंची। गांव में पूछताछ करने पर स्थानीय ग्रामीणों ने सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे संदिग्धों की पहचान और नामों की पुष्टि की। इसके बाद पुलिस ने रायकोट के जंगल में घेराबंदी कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के हाथ वह संदिग्ध बच्ची भी लग गई है, जो सीसीटीवी फुटेज में आभूषणों के डिब्बे को झोले में डालते हुए दिखाई दी थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि पकड़े गए आरोपियों में से दो के खिलाफ पहले से ही नारायणपुर थाने में चोरी के मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने के आभूषणों का अधिकांश हिस्सा बरामद कर लिया है और इस गिरोह के बाकी फरार सदस्यों को पकड़ने के लिए ड्रोन और गश्ती दल की मदद से जंगलों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।












