मांदर की थाप पर पोते के साथ थिरके पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, करमा नृत्य की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

जियाउल खान ,लखनपुर सरगुजा

जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत लखनपुर में ब्लॉक स्तरीय करमा महोत्सव का भव्य आयोजन, 12 नृत्य दलों ने बिखेरी लोक संस्कृति की छटा; नन्हीं बच्चियों की प्रस्तुतियां बनीं आकर्षण का केंद्र

जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत बुधवार 11 नवंबर को लखनपुर के साक्षरता मिनी स्टेडियम में ब्लॉक स्तरीय जनजातीय लोक नृत्य (करमा महोत्सव) प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। मांदर की गूंजती थाप, पारंपरिक करमा गीतों और रंग-बिरंगे परिधानों में सजे कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को आदिवासी लोक संस्कृति के रंग में सराबोर कर दिया। इस दौरान छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल भी खुद को थिरकने से नहीं रोक सके। वे अपने पोते को कंधे पर लेकर मांदर की थाप पर कलाकारों के साथ ताल से ताल मिलाते नजर आए। उनका यह अंदाज कार्यक्रम का सबसे खास आकर्षण रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने भारत माता, छत्तीसगढ़ महतारी एवं भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलित करते हुए किया। सुबह 11 बजे से शुरू हुए इस आयोजन में जनजातीय परंपराओं, लोकगीतों और सांस्कृतिक विरासत की जीवंत झलक देखने को मिली। जैसे ही मांदर की थाप गूंजी, पारंपरिक वेशभूषा में सजे नृत्य दलों ने सामूहिक करमा नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दीं। पूरा स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

74 ग्राम पंचायतों के कलाकारों की प्रतिभा का हुआ प्रदर्शन

करमा महोत्सव में विकासखंड के चार सेक्टर तुरना, कोरजा, लोसगा और केवरा के अंतर्गत आने वाली 74 ग्राम पंचायतों के नृत्य दलों ने सहभागिता की। सेक्टर स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता रहे कुल 12 नृत्य दलों ने ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी पारंपरिक कला और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा को मंच पर जीवंत कर दिया।

नन्हीं बच्चियों ने अपनी प्रतिभा से जीता सबका दिल

महोत्सव में छोटी-छोटी बच्चियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। कम उम्र में ही बड़े कलाकारों के साथ कदम से कदम मिलाकर पारंपरिक करमा नृत्य करती बच्चियों का उत्साह और आत्मविश्वास देखते ही बन रहा था। उनकी मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया। इन नन्हीं प्रतिभाओं ने यह भी संदेश दिया कि जनजातीय लोक संस्कृति और परंपराओं की विरासत नई पीढ़ी तक लगातार पहुंच रही है।

जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जय शिव शारदा करमा पार्टी परसोढ़ी और शैला पार्टी तराजू दिखाएंगे प्रतिभा

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली जय शिव शारदा करमा पार्टी परसोढ़ी कला टीम को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली शैल पार्टी तराजू जिला स्तर पर अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुति देगा।

कार्यक्रम में लखनपुर जनपद अध्यक्ष शशिकला विक्रम सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष सावित्री दिनेश साहू, उपाध्यक्ष कामेश्वर राजवाड़े, भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी, रवि महंत, भाजपा जिला उपाध्यक्ष दिनेश साहू, चंद्रिका यादव, राजेंद्र जायसवाल, सचिन अग्रवाल, विक्रम सिंह, महेश्वर राजवाड़े, बुधन सिंह, पार्षद उर्मिला खलखो, एसडीएम रामराज सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी खुशबू शास्त्री, नायब तहसीलदार सर्वेश पटेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

महोत्सव ने एक बार फिर साबित किया कि मांदर की थाप और करमा के गीत केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि जनजातीय समाज की पहचान, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत की धड़कन हैं।

Hot Topics

Related Articles