पहले दिन 353 किसानों से 1,000 मीट्रिक टन धान की खरीदी, 16 नवंबर के लिए जारी हुए 494 टोकन
बलौदाबाजार, 16 नवंबर 2026। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सुचारू रूप से संचालित करने और किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा ने सोमवार को अधिकारियों की बैठक लेकर धान खरीदी की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी उपार्जन केंद्रों में नोडल अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने तथा अवैध धान परिवहन और बिचौलियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। संबंधित अधिकारी नियमित रूप से अपने केंद्रों का निरीक्षण कर खरीदी से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने जिला कंट्रोल रूम में किसानों से प्राप्त होने वाली सूचनाओं और शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने तथा शिकायतों के समाधान को संतोषजनक बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला कंट्रोल रूम का नंबर 9201899925 सभी समितियों में लगाए गए फ्लेक्स पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराने को कहा, ताकि किसान आसानी से अपनी समस्या दर्ज करा सकें।
कलेक्टर ने कृषक उन्नति योजना की जानकारी किसानों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि निर्धारित 21 क्विंटल प्रति एकड़ की सीमा से कम धान बेचने पर भी पात्र किसानों को योजना के प्रावधानों के अनुसार 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से निर्धारित सीमा के अंतर की राशि का लाभ मिलेगा। इस संबंध में किसानों को सही और स्पष्ट जानकारी देने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि धान उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। किसान जब धान बेचने केंद्र पहुंचे तो उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे अच्छा अनुभव लेकर वापस जाएं। राज्य शासन द्वारा किसानों की सुविधा के लिए विकसित ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे टोकन प्राप्त करने की सुविधा का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जानकारी दी गई कि भाटापारा मंडी में इस वर्ष धान की अच्छी आवक हो रही है। किसान मंडी में 3,077 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान बेच सकते हैं। वहीं, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के पहले दिन 15 नवंबर को जिले के 353 किसानों से कुल 1,000 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई। इस वर्ष जिले में कुल 1,70,636 किसानों ने एग्रीस्टेक में पंजीयन कराया है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए जिले का लक्ष्य 8,97,854 मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है। वहीं, 16 नवंबर के लिए 494 टोकन जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से 1,538 मीट्रिक टन धान की खरीदी प्रस्तावित है।
बैठक में जिला खाद्य अधिकारी पुनित वर्मा, उपायुक्त सहकारिता उमेश गुप्ता, उप संचालक कृषि दीपक नायक, जिला सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी जी.एन. साहू सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।












