बलौदाबाजार। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) जिला बलौदाबाजार-भाटापारा की जिला स्तरीय बैठक मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को जिला कांग्रेस कार्यालय बलौदाबाजार में जिला अध्यक्ष विवेक यदु के नेतृत्व में आयोजित हुई। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों एवं संगठन की अलग-अलग इकाइयों से पहुंचे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान संगठन की गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्ययोजना, महाविद्यालयों में संगठन की सक्रियता और छात्रहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में NSUI के ‘छात्रों की गूंज – छात्र सदस्यता अभियान’ के पोस्टर का विमोचन किया गया। इस अभियान के जरिए जिले के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को संगठन से जोड़ने और उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं एवं अधिकारों को प्रमुखता से उठाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान का नारा ‘हर छात्र की आवाज़ – NSUI के साथ!’ रखा गया है। बेहतर शिक्षा व्यवस्था, सुरक्षित कैंपस, छात्रवृत्ति और युवा नेतृत्व का निर्माण अभियान के प्रमुख मुद्दे होंगे।
बैठक में आगामी दिनों में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों तक सदस्यता अभियान पहुंचाने, विद्यार्थियों से सीधा संवाद स्थापित करने और कॉलेज स्तर पर छात्रहित से जुड़े मुद्दों की पहचान कर उन्हें संबंधित प्रबंधन एवं प्रशासन के समक्ष उठाने की रणनीति बनाई गई। इसके साथ ही विधानसभा एवं ब्लॉक स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और नए छात्र नेतृत्व को आगे लाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि विद्यार्थियों की समस्याओं को केवल ज्ञापन और औपचारिक चर्चाओं तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से छात्रहित की आवाज बुलंद की जाएगी। संगठन का प्रयास रहेगा कि प्रत्येक महाविद्यालय में विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं रखने के लिए एक मजबूत मंच उपलब्ध कराया जाए।
जिला अध्यक्ष विवेक यदु ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से सदस्यता अभियान को व्यापक जनसंपर्क मुहिम के रूप में संचालित करने और अधिक से अधिक विद्यार्थियों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि छात्रहित से जुड़े मुद्दों पर एकजुटता, सक्रियता और जवाबदेही के साथ कार्य करना संगठन की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर NSUI जिला अध्यक्ष विवेक यदु, साहिल यादव, जिला उपाध्यक्ष ईश्वर साहू, बलौदाबाजार विधानसभा अध्यक्ष सूर्यकांत वर्मा, भाटापारा विधानसभा अध्यक्ष देवाशीष कुर्रे, कसडोल विधानसभा अध्यक्ष अनुराग साहू, जिला महासचिव गौतम गोल्डी साहू, डी.के. कॉलेज अध्यक्ष जय सिंह ठाकुर, बलौदाबाजार शहर अध्यक्ष राहुल नेगी सहित चंद्रकांत पटेल, मिथिलेश खुंटे, कृष्ण कुमार, कैलश्वर साहू, सुमित बंजारे, मिथिलेश साहू, देवाशीष यादव, जीतू साहू, उदय मार्कण्डेय, प्रियांशु घृतलहरे, सौरभ दास मानिकपुरी एवं भूपेंद्र पटेल सहित अन्य NSUI कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
NSUI ने स्पष्ट किया कि छात्र अधिकारों की रक्षा, बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग और युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से संगठन अब जिले के प्रत्येक महाविद्यालय और कैंपस तक अपनी पहुंच मजबूत करने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेगा।












