बीजापुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित पत्रकार मुकेश चंद्रकार हत्याकांड के मुख्य आरोपी ठेकेदार सुरेश चंद्रकार की जमानत याचिका पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में चल रही सुनवाई के दौरान कई अहम तथ्य सामने आए हैं। न्यायमूर्ति राकेश मोहन पांडेय की एकलपीठ के समक्ष हुई इस सुनवाई में दोनों पक्षों की ओर से महत्वपूर्ण दस्तावेज पेश किए गए हैं, जिससे मामले में नया मोड़ आ गया है।
गवाहों को प्रलोभन देने की शिकायत पेश
सुनवाई के दौरान आपत्तिकर्ता पक्ष की ओर से अधिवक्ता प्रीतम सिंह ने कोर्ट में बीजापुर थाने में दर्ज एक एनसीआर (गैर-संज्ञेय अपराध रिपोर्ट) की प्रति प्रस्तुत की है। यह शिकायत 30 जून 2026 को दर्ज कराई गई थी। इस दस्तावेज के अनुसार, हत्याकांड के दो प्रमुख गवाहों चेतन कापेवार और पवन दुर्गम ने आरोप लगाया है कि सुनील कुमार मर्सकोले नाम के व्यक्ति ने उन्हें फोन किया था। फोन पर उन्हें आरोपी सुरेश चंद्रकार के पक्ष में बयान देने के बदले एक लाख रुपये का प्रलोभन दिया गया था।
बचाव पक्ष ने पुलिस की कार्यप्रणाली को घेरा
दूसरी तरफ, आरोपी सुरेश चंद्रकार के बचाव पक्ष ने भी कोर्ट के सामने अपने तर्क मजबूती से रखे हैं। बचाव पक्ष ने सरकारी गवाहों की पूर्व में हुई जिरह के कुछ चुनिंदा अंश न्यायाधीश के समक्ष प्रस्तुत किए हैं। इन दस्तावेजों के आधार पर बचाव पक्ष ने मामले में पुलिस की कार्रवाई और साक्ष्य संकलन की पूरी प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
क्या है पूरा मामला
गौरतलब है कि बीजापुर के खोजी पत्रकार मुकेश चंद्रकार ने दिसंबर 2024 के अंत में सड़क निर्माण कार्य में हुए भ्रष्टाचार को उजागर किया था, जिसका ठेका आरोपी सुरेश चंद्रकार के पास था। इस खबर के प्रसारित होने के कुछ ही दिनों बाद 1 जनवरी 2025 की रात मुकेश संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। दो दिन बाद 3 जनवरी 2025 को उनका शव आरोपी सुरेश चंद्रकार के ही परिसर में बने एक सेप्टिक टैंक से बरामद हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत अन्य लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।












