ऑपरेशन कबरा’ सफल: 19 लोगों की जान लेने वाला आक्रामक हाथी ट्रेंकुलाइज, रेडियो कॉलर पहनाकर अब रखी जाएगी नजर

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में पिछले कई महीनों से दहशत का पर्याय बने आक्रामक ‘कबरा कान’ हाथी को आखिरकार वन विभाग की टीम ने सफलतापूर्वक ट्रेंकुलाइज कर काबू में कर लिया है। सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में अब तक 19 लोगों की जान ले चुके इस खतरनाक हाथी को पकड़ने के लिए वन विभाग पिछले छह दिनों से सघन रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहा था। बुधवार, 18 नवंबर को सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र स्थित तेंदूटिकरा जंगल में अभियान के छठे दिन विशेषज्ञों की टीम ने सटीक निशाना लगाते हुए हाथी के गले में ट्रेंकुलाइजर गन से डार्ट दागा, जिससे वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।

कुमकी हाथियों की मदद से झुंड को खदेड़ा गया

इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि कबरा हाथी अकेला नहीं था, बल्कि उसके आसपास 17 अन्य हाथियों का एक बड़ा झुंड भी मौजूद था। डार्ट लगने के बाद अन्य हाथियों के आक्रामक होने और रेस्क्यू टीम पर हमला करने का खतरा बना हुआ था। इस स्थिति से निपटने के लिए तमोर पिंगला हाथी बचाव एवं पुनर्वास केंद्र से लाए गए दो प्रशिक्षित कुमकी हाथियों ‘तीरथ राम’ और ‘दुर्योधन’ की मदद ली गई। महावतों और वन अमले ने इन दोनों कुमकी हाथियों के सहारे जंगल में मौजूद बाकी 17 हाथियों के दल को सुरक्षित रूप से दूर खदेड़ा, जिसके बाद ही वन्यजीव विशेषज्ञों और डॉक्टरों की टीम बेहोश हुए कबरा हाथी के करीब पहुंच सकी।

200 से ज्यादा कर्मियों और ड्रोन की रही अहम भूमिका

ऑपरेशन कबरा’ को सफल बनाने के लिए वन विभाग, पुलिस और प्रशासन के 200 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी दिन-रात जंगल में डटे हुए थे। घने जंगल और दुर्गम पहाड़ी इलाकों में हाथी की सटीक लोकेशन ट्रैक करने के लिए थर्मल ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया गया। डार्ट लगने के बाद जैसे ही हाथी पूरी तरह बेहोश हुआ, विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने उसके स्वास्थ्य की जांच की और उसकी गतिविधियों पर चौबीसों घंटे नजर रखने के लिए गले में रेडियो कॉलर आईडी पहनाने की प्रक्रिया पूरी की।

छह महीने के आतंक के बाद ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

अप्रैल 2026 से सक्रिय इस आक्रामक हाथी ने सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर और आसपास के इलाकों में भारी तबाही मचा रखी थी। हाथी के लगातार हमलों और रिहायशी इलाकों के करीब पहुंचने के कारण ग्रामीणों में इतना खौफ था कि लोग शाम ढलते ही घरों में कैद होने को मजबूर थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन को प्रभावित क्षेत्रों के करीब 20 स्कूलों में छुट्टी भी घोषित करनी पड़ी थी। अब कबरा हाथी के पकड़े जाने और रेडियो कॉलर लगने के बाद प्रभावित गांवों के लोगों और वन विभाग ने बड़ी राहत की सांस ली है।

Hot Topics

Related Articles