बलौदाबाजार 18 नवम्बर 2026 वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के अंतर्गत बुधवार को विकासखंड पलारी के ग्राम पंचायत कानाकोट में विशेष शिविर का आयोजन किया गया।
इस दौरान ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाओं, प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजना सहित विभिन्न वित्तीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने एवं उनके पंजीयन हेतु आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
इस अवसर पर अग्रणी जिला प्रबंधक ने ग्रामीणों को वित्तीय साक्षरता के प्रति जागरूक रहने तथा बैंकिंग एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। वहीं शाखा प्रबंधक महोदय ने ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाओं एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं की उपयोगिता के संबंध में जानकारी प्रदान की। उन्होंने विशेष रूप से किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए प्रोत्साहित किया तथा किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से कृषि कार्यों हेतु समय पर ऋण सुविधा प्राप्त करने के लाभों से अवगत कराया गया।
शिविर में अग्रणी जिला प्रबंधक शिवकुमार कंवर, भारतीय स्टेट बैंक शाखा प्रबंधक अनिमेश एवं ग्राम पंचायत कानाकोट के सरपंच चांदनी बांधे एवं अधिक संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।












