घरेलू हिंसा और शराब की लत बनी खौफनाक वारदात की वजह, पत्नी ने कुल्हाड़ी से वार कर की पति की हत्या

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले से एक गंभीर आपराधिक वारदात सामने आई है। जिले के खड़गांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिवनी बाजोपारा में घरेलू विवाद के चलते एक महिला ने अपने पति की जान ले ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान 30 वर्षीय कारजू राम पुरामे के रूप में की गई है।

घटना के संबंध में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक कारजू राम शराब पीने का आदी था और अक्सर अपनी पत्नी के साथ विवाद और मारपीट किया करता था। पति की इस प्रताड़ना और शराब की लत से आरोपी पत्नी मालती पुरामे (27 वर्ष) काफी परेशान चल रही थी। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी और विवाद हुआ, जिसने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया। इसी विवाद के दौरान हुए हमले में कारजू राम की मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात की सूचना मिलते ही खड़गांव थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी पत्नी मालती पुरामे को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Hot Topics

Related Articles