राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ कैबिनेट ने राजनांदगांव जिले में बुनियादी ढांचे और प्रशासनिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए दो बड़े और महत्वपूर्ण फैसलों को मंजूरी दी है। राज्य सरकार ने शहर में आधुनिक बाल सुधार गृह भवन के निर्माण और छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के संभागीय कार्यालय की स्थापना के लिए जमीन आवंटन के प्रस्तावों पर अपनी मुहर लगा दी है।
कौरिनभांठा में 24 हजार वर्गफीट में बनेगा नया बाल सुधार गृह
कैबिनेट ने राजनांदगांव में बाल सुधार गृह भवन बनाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग को भूमि आवंटित करने की स्वीकृति प्रदान की है। इस योजना के तहत राजनांदगांव तहसील के ग्राम कौरिनभांठा में स्थित राजगामी संपदा की खसरा नंबर 284 की कुल 0.223 हेक्टेयर यानी लगभग 24,090 वर्गफीट जमीन विभाग को दी जाएगी। इस नए और सर्वसुविधायुक्त भवन के तैयार हो जाने से कानून से जुड़े मामलों में शामिल बच्चों को बेहतर माहौल मिल सकेगा। इससे उनके रहने, उचित देखभाल, मानसिक परामर्श, नियमित पढ़ाई और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पुनर्वास की सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा।
बल्देव बाग में खुलेगा माध्यमिक शिक्षा मंडल का संभागीय कार्यालय
इसके साथ ही कैबिनेट ने शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी राहत देते हुए छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के संभागीय कार्यालय की स्थापना के लिए भी जमीन आवंटन के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है। इस निर्णय के अनुसार राजनांदगांव शहर के बल्देव बाग स्थित स्टेट हाईस्कूल परिसर की 264 वर्गमीटर जमीन माध्यमिक शिक्षा मंडल को सौंपी जाएगी। शहर में ही संभागीय दफ्तर शुरू होने से राजनांदगांव और आसपास के क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्कूल-कॉलेज प्रबंधन को बड़ी सुविधा मिलेगी। अब उन्हें अंकसूची, प्रमाण पत्र, त्रुटि सुधार और मंडल से जुड़े अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए राजधानी रायपुर के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और उनके सभी काम स्थानीय स्तर पर ही आसानी से निपट सकेंगे।












