भाटापारा। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में अवैध जुआ और सट्टा के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने ग्राम अर्जुनी में दबिश देकर जुआ खेलते हुए 11 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 44 हजार 200 रुपये नगद जब्त किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर 2026 को थाना भाटापारा ग्रामीण पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम अर्जुनी में दैहान के पास कुछ लोग हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश देकर जुआ खेल रहे 11 लोगों को पकड़ लिया।
पुलिस ने मौके से आरोपियों के कब्जे में रखी 44,200 रुपये की नगद राशि जब्त की। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में भोला यदु (40 वर्ष), टीकाराम रजक (58 वर्ष), अशोक साहू (49 वर्ष), राजेश यादव (25 वर्ष), जितेन्द्र वर्मा (36 वर्ष), सहदेव रजक (32 वर्ष), लतेल काठले (64 वर्ष), बलदाऊ काठले (35 वर्ष), धनेश्वर सत्यम (36 वर्ष), संजय पटेल (40 वर्ष) और राजेंद्र साहू (43 वर्ष) शामिल हैं। इनमें अधिकांश आरोपी ग्राम अर्जुनी, खैरताल, मुढ़ीपार और टोनाटार के निवासी हैं।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिले में अवैध गतिविधियों, जुआ-सट्टा और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।












