भाटापारा।सिख धर्म के प्रथम गुरु धन-धन श्री गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर रविवार, 22 नवंबर को भाटापारा में भव्य नगर कीर्तन का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ किया जाएगा। नगर कीर्तन को लेकर सिख समाज में उत्साह का माहौल है।
नगर कीर्तन दोपहर 1 बजे हटरी बाजार स्थित गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा से प्रारंभ होगा। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया एवं पंज प्यारे साहिबान की अगुवाई में नगर कीर्तन पूर्ण खालसाई शान, सिख मर्यादा और अनुशासन के साथ निकलेगा।
- शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगा नगर कीर्तन
नगर कीर्तन गुरुद्वारा से प्रारंभ होकर हटरी बाजार, झूलेलाल मंदिर, बस स्टैंड, सती मंदिर रोड, गोविंद चौक, राम सप्ताह चौक, जय स्तंभ चौक, फव्वारा चौक, रेस्ट हाउस स्टेशन तथा थाने के सामने वाले मार्ग से होते हुए पुनः हटरी बाजार स्थित गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा पहुंचेगा।
- गतका दल दिखाएगा शौर्य और पराक्रम
नगर कीर्तन के दौरान गुरबाणी कीर्तन, सिमरन और गुरु साहिब की शिक्षाओं के माध्यम से मानवता, प्रेम, समानता एवं सद्भाव का संदेश दिया जाएगा। वहीं खालसाई शौर्य और गौरव के प्रतीक गतका दल द्वारा आकर्षक एवं रोमांचक प्रदर्शन भी किया जाएगा, जो नगर कीर्तन का विशेष आकर्षण रहेगा।
- संगत से शामिल होने की अपील
गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा प्रबंधक कमेटी ने समस्त नगरवासियों, धर्मप्रेमियों एवं गुरु नानक नामलेवा संगत से अपील की है कि वे अपने परिवार, बच्चों और रिश्तेदारों सहित नगर कीर्तन में शामिल होकर गुरु महाराज जी के दर्शन करें तथा गुरबाणी कीर्तन एवं सिमरन का लाभ उठाएं। कमेटी ने सभी से इस पावन आयोजन में सहभागी बनकर गुरु घर की खुशियां प्राप्त करने का आग्रह किया है।
बेनतीकर्ता:गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा प्रबंधक कमेटी, भाटापारा एवं समस्त साध-संगत।
वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह।












