राजकुमार अग्रवालबीजेमाल/सांकरा :- ग्राम पंचायत बीजेमाल की शासकीय उचित मूल्य दुकान में अक्टूबर माह के राशन वितरण को लेकर ग्रामीणों ने शिकायत की है। ग्रामीणों का कहना है कि अक्टूबर माह में फिंगरप्रिंट लेने के बावजूद कुछ हितग्राहियों को चावल नहीं मिल पाया, जिससे वे राशन से वंचित रह गए।
ग्रामीणों के अनुसार, दुकान के पूर्व संचालनकर्ता के कार्यकाल के दौरान करीब 135 क्विंटल चावल को लेकर हिसाब स्पष्ट किए जाने की आवश्यकता है। जरूरत पड़ने पर इसकी भरपाई भी की जाएगी। हालांकि, मामले की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही सामने आएगी।
बताया जा रहा है कि पिछले करीब एक माह से चारभाटा निवासी रूपधर महापात्र दुकान का संचालन कर रहे हैं तथा वर्तमान में नवंबर माह का राशन वितरण किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने फोन के माध्यम से खाद्य अधिकारी हेमंत कुमार वर्मा को मामले की जानकारी दी है। अधिकारी ने शिकायत पर आवश्यक जांच का आश्वासन दिया है।












