ग्राम चोडेया में ताला तोड़कर 5 बकरा-बकरी चोरी, पशुपालक को 40 हजार का नुकसान

जियाउल खान लखनपुर सरगुजा


  • लग्जरी कारों में पहुंच रहे अज्ञात चोर, आधी रात को वारदात को दे रहे अंजाम लगातार चोरी से पशुपालकों में भय

सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में बकरा-बकरी चोरी करने वाला गिरोह लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। लग्जरी कारों में सवार होकर गांव पहुंच रहे अज्ञात चोर आधी रात को चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला ग्राम चोडेया का है, जहां घर के सामने बने कमरे का ताला तोड़कर अंदर बंधे पांच बकरा-बकरी चोरी कर ली गई। पशु पालक से मिली जानकारी के अनुसार, 20 एवं 21 नवंबर की दरमियानी रात कार सवार अज्ञात चोर ग्राम चोडेया पहुंचे और पशुपालक दीप नारायण पिता स्व. शिवलाल के घर के सामने बने कमरे का ताला तोड़कर पांच बकरा-बकरी चोरी कर फरार हो गए। चोरी की इस घटना में पशुपालक को करीब 40 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। पशुपालक दीप नारायण ने 22 नवंबर दिन रविवार की दोपहर लखनपुर थाना पहुंच रिपोर्ट दर्ज कराने आवेदन दिया है।

गौरतलब है कि क्षेत्र में इससे पूर्व भी लग्जरी वाहनों में सवार होकर बकरा-बकरी चोरी किए जाने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही चोरी की वारदातों से चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं, वहीं पशुपालक अपनी मेहनत और पूंजी से पाले गए पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बाहरी लोगों के आने-जाने और बकरा-बकरी के कारोबार के बढ़ने के बाद चोरी की घटनाओं में इजाफा हुआ है। पूर्व में लखनपुर पुलिस चोरी हुए बकरा-बकरी को दूसरे राज्य से बरामद कर पशुपालकों को सुपुर्द भी कर चुकी है।लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों और पशुपालकों में भय का माहौल है। पशुपालकों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध वाहनों पर निगरानी रखने तथा बकरा-बकरी चोरी करने वाले गिरोह पर अंकुश लगाने की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस इस गिरोह का पर्दाफाश कर चोरी की घटनाओं पर कब तक लगाम लगा पाती है।

झारखंड और बिहार से व्यापारी आकर यहां गांव में पहुंचकर बकरा बकरी खरीदी का धंधा भी कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बाहरी और स्थानीय व्यापारियों के साठ गांठ चोरी की बकरियों को दूसरे राज्यों में खपाने का कार्य किया जा रहा है।

Hot Topics

Related Articles