- मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न लगाकर सड़कों पर दौड़ रही बाइकें, स्कूल छुट्टी के समय भी नहीं रुक रही लापरवाही, सख्त कार्रवाई की उठी मांग
संदीप यादव मुंगेली। नगर की सड़कों पर इन दिनों तेज रफ्तार और कानफोड़ू आवाज वाली बाइकों का शोर आम नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बनता जा रहा है। कुछ युवा बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर, फटे साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न लगाकर सड़कों पर तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाते नजर आ रहे हैं। वाहन चलाने के इस लापरवाह अंदाज से न केवल ध्वनि प्रदूषण बढ़ रहा है, बल्कि सड़क पर चलने वाले आम नागरिकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है।
नगर के प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर ऐसे बाइक चालकों की गतिविधियां देखी जा सकती हैं। अचानक तेज आवाज करने वाले साइलेंसर से राहगीर घबरा जाते हैं। कई बार बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों को भी इस तेज आवाज के कारण असुविधा का सामना करना पड़ता है। वहीं स्कूलों की छुट्टी के समय जब सड़कों पर बच्चों और अभिभावकों की आवाजाही अधिक रहती है, तब भी कुछ युवा तेज रफ्तार से बाइक चलाने से बाज नहीं आते।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि तेज आवाज वाले साइलेंसर से हार्ट के मरीजों, बुजुर्गों और छोटे बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। अचानक पीछे से आती तेज आवाज से कई बार लोग संतुलन खो बैठते हैं, जिससे हादसे का खतरा बढ़ जाता है। व्यस्त मार्गों पर स्टंटबाजी और तेज रफ्तार से वाहन चलाना आम हो गया है।
नागरिकों ने पुलिस और यातायात विभाग से मांग की है कि मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और तेज रफ्तार बाइक चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। प्रमुख चौक-चौराहों पर चेकिंग अभियान चलाया जाए और नियम तोड़ने वालों के वाहनों को जब्त कर जुर्माना लगाया जाए, ताकि नगर में यातायात व्यवस्था सुधर सके और आम लोगों को राहत मिल सके।
`#Mungeli #YatayatNiyam #TrafficRules #ModifiedSilencer #PressureHorn #TezRaftar #RoadSafety #MungeliNews #ChhattisgarhNews #CGNews #AGKhabar #THEBharat24 #BreakingNews #DhwaniPradushan












