कोंडागांव (छत्तीसगढ़)। जिले के फरसगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अलीबेड़ा में शनिवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां तालाब में डूबने से छह वर्षीय मासूम पवन नेताम की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक बालक गांव के ही सोनराज नेताम का पुत्र था। इस दुखद हादसे के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
स्कूल से लौटने के बाद नहाने गया था मासूम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पवन शनिवार सुबह रोज की तरह पढ़ाई करने के लिए स्कूल गया था। दोपहर में स्कूल की छुट्टी होने के बाद वह घर लौटा और कुछ देर बाद गांव के ही गंधरूराम मरकाम के खेत में बने तालाब में नहाने के लिए चला गया। नहाने के दौरान पवन को गहराई का अंदाजा नहीं रहा और वह गहरे पानी में चला गया, जिससे वह डूबने लगा।
साथी बच्ची ने दी परिजनों को सूचना
तालाब के पास उस समय एक अन्य बच्ची भी मौजूद थी, जिसने पवन को पानी में डूबते हुए देख लिया। यह दृश्य देखकर बच्ची घबरा गई और तुरंत दौड़ती हुई घर पहुंची। उसने पवन के परिजनों को घटना की पूरी जानकारी दी, जिसके बाद परिवार के होश उड़ गए।
परिजनों ने बाहर निकाला, लेकिन नहीं बच सकी जान
बच्ची से सूचना मिलते ही परिजन और आसपास के ग्रामीण तत्काल भागते हुए खेत में बने तालाब के पास पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद पवन को गहरे पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और उसकी सांसें थम चुकी थीं। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है, जिसके बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मासूम की असमय मौत से माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।












