जशपुर।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वरिष्ठ आदिवासी नेता एवं पूर्व सांसद नंदकुमार साय के स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अपने हेलीकॉप्टर में साथ लेकर राजधानी रायपुर पहुंचे। रायपुर आने के तुरंत बाद नंदकुमार साय को उपचार के लिए बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज शुरू हो गया है।
घर में फिसलकर गिरने से पैर में आई थी चोट
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले अपने निवास पर पैर फिसलकर गिरने के कारण नंदकुमार साय चोटिल हो गए थे। इस दुर्घटना में उनके पैर में गहरी चोट आई थी, जिसकी वजह से उन्हें चलने-फिरने में काफी तकलीफ हो रही थी।
जशपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने की थी मुलाकात
मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि अपने जशपुर प्रवास के दौरान रविवार रात उन्हें नंदकुमार साय से मुलाकात करने का अवसर मिला। वे सीधे उनके निवास पर पहुंचे थे और उनके स्वास्थ्य तथा हालचाल की जानकारी ली थी।
सड़क मार्ग की असुविधा से बचाने के लिए हेलीकॉप्टर से लाए साथ
सोमवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को स्वयं रायपुर लौटना था। चूंकि पैर में चोट होने के कारण नंदकुमार साय को जशपुर से रायपुर तक की लंबी सड़क यात्रा करने में भारी असुविधा और दर्द का सामना करना पड़ता, इसलिए मुख्यमंत्री ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए उन्हें अपने साथ ही हेलीकॉप्टर से रायपुर लाने का निर्णय लिया। रायपुर पहुंचने पर बालाजी अस्पताल में उनके समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।












