डोंगरगढ़ (छत्तीसगढ़): ऑनलाइन गेमिंग में लाखों रुपये गंवाने के बाद कर्ज के जाल में फंसे एक युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दे डाला। राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ठाकुरटोला में करीब तीन महीने पहले हुई सोने-चांदी के जेवरात की चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में गांव के ही दो आरोपियों—सुरेन्द्र साहू (पिता प्यारा दास साहू) और गणेश्वर नेताम उर्फ राजू नेताम (पिता प्रीतम नेताम)—को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, करीब तीन माह पूर्व ग्राम ठाकुरटोला में अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात पार कर दिए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) अंकिता शर्मा के निर्देशन में साइबर सेल और मोहारा पुलिस की एक संयुक्त टीम गठित कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार छानबीन के बाद पुलिस को दोनों संदिग्धों पर शक हुआ, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए चौंकाने वाला खुलासा किया। मुख्य आरोपी ऑनलाइन गेमिंग के चक्कर में करीब 10 लाख रुपये हार चुका था। गेमिंग में हुए इस भारी नुकसान की वजह से उस पर काफी कर्ज चढ़ गया था। इसी कर्ज को चुकाने के लिए उसने अपने साथी के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल 15 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की है। इसमें ग्राम ठाकुरटोला से चोरी किए गए करीब 8 लाख 50 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और वारदात में इस्तेमाल की गई करीब 5 लाख रुपये की एक कार शामिल है। इसके अलावा, आरोपियों के पास से रायपुर के अरिहंत नगर से चोरी किए गए करीब 2 लाख रुपये के सोने के जेवरात भी जब्त किए गए हैं।












