छत्तीसगढ़ व्याख्याता भर्ती परीक्षा (LSL26) के प्रवेश पत्र जारी, 29 नवंबर को होगी लिखित परीक्षा

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य चयन बोर्ड (CGSSB) द्वारा लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ के अंतर्गत व्याख्याता पदों पर भर्ती हेतु आयोजित की जाने वाली लिखित परीक्षा (LSL26) के प्रवेश पत्र आज 23 नवंबर 2026 को जारी कर दिए गए हैं। जिन अभ्यर्थियों ने इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था, वे अब विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।

इन विषयों के लिए आयोजित होगी परीक्षा

लोक शिक्षण संचालनालय से प्राप्त प्रस्ताव के आधार पर कुल 854 रिक्त पदों को भरने के लिए यह परीक्षा आयोजित की जा रही है। इसमें व्याख्याता हिन्दी, अंग्रेजी, संस्कृत, भौतिकी, राजनीति शास्त्र, इतिहास, भूगोल एवं अर्थशास्त्र विषय शामिल हैं।

परीक्षा की तिथि, समय और केंद्र

जारी विज्ञप्ति के अनुसार व्याख्याता भर्ती की लिखित परीक्षा का आयोजन 29 नवंबर 2026 (रविवार) को किया जाएगा। परीक्षा एक ही पाली में सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक चलेगी। इस परीक्षा के सफल संचालन के लिए राज्य के कुल 05 संभागीय जिला मुख्यालयों में परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की प्रक्रिया

अभ्यर्थी अपने प्रवेश पत्र छत्तीसगढ़ राज्य चयन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइटhttp://vyapamcg.cgstate.gov.in अथवा http://cgssb.cgstate.gov.in पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए उम्मीदवारों को अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर और पासवर्ड की सहायता से प्रोफाइल लॉगिन पेज में लॉगिन करना होगा। बोर्ड द्वारा स्पष्ट किया गया है कि किसी भी परीक्षार्थी को डाक के माध्यम से प्रवेश पत्र नहीं भेजा जाएगा।

परीक्षार्थियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश

परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों को अपने प्रवेश पत्र के सभी पृष्ठों का प्रिंटआउट (एक ही तरफ प्रिंट किया हुआ) साथ लाना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही पहचान सत्यापन के लिए मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, मतदाता परिचय पत्र, पैन कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस लाना आवश्यक है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर उपस्थित हों और बोर्ड द्वारा जारी ड्रेस कोड व अन्य नियमों का पालन करें। किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या होने पर अभ्यर्थी बोर्ड के हेल्पलाइन नंबर 0771-2972780 या 8269801982 पर संपर्क कर सकते हैं।

Hot Topics

Related Articles