: संगठन के प्रति समर्पण, निरंतर संघर्ष और कुशल नेतृत्व पर पार्टी ने जताया भरोसा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य को फिर मिली बड़ी जिम्मेदारी
संदीप यादव मुंगेली। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी द्वारा मुंगेली जिला महिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्रीमती उर्मिला रमेश यादव को पुनः नियुक्त किया गया है। उनकी पुनर्नियुक्ति की खबर आते ही जिले भर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में हर्ष की लहर दौड़ गई। जगह-जगह से उन्हें बधाई और शुभकामनाओं का तांता लग गया है।

यह पुनर्नियुक्ति उनके संगठन के प्रति समर्पण, निरंतर संघर्ष, कर्मठता एवं कुशल नेतृत्व पर पार्टी के विश्वास और भरोसे का प्रतीक है। पार्टी ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताते हुए जिले में महिला कांग्रेस को मजबूत करने की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।

श्रीमती उर्मिला यादव लंबे समय से कांग्रेस संगठन से जुड़ी हुई हैं और महिला हितों, सामाजिक कार्यों और जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। पूर्व जिला पंचायत सदस्य के रूप में उन्होंने क्षेत्र के विकास, महिलाओं के अधिकार और ग्रामीण समस्याओं को लेकर हमेशा आवाज उठाई है।
उनकी पुनर्नियुक्ति पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हृदय से बधाई एवं अशेष शुभकामनाएं दी हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि उनके नेतृत्व में महिला कांग्रेस और अधिक मजबूत होगी और जिले में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी। पार्टी संगठन को गांव-गांव तक पहुंचाने में उनका अनुभव काफी काम आएगा।
श्रीमती यादव ने नियुक्ति के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी, प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी और वरिष्ठ नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगी और महिला कांग्रेस को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करती रहेंगी।












