एल्डरमैन अमितेश आर्य की पहल के बाद ठेका कंपनी ने बढ़ाई गति, नगरवासियों में खुशी, जल्द मिलेगी धूल और गड्ढों से राहत*

संदीप यादव मुंगेली। नगर के बहुप्रतीक्षित गौरवपथ निर्माण कार्य में आखिरकार तेजी आने लगी है। सड़क की बदहाल स्थिति और धूल से परेशान नगरवासियों एवं व्यापारियों को राहत दिलाने के लिए मंगलवार से पेंच वर्क का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। वहीं बुधवार से बीटी डामरीकरण शुरू करने की तैयारी है।

एल्डरमैन अमितेश आर्य की पहल एवं लगातार दबाव के बाद ठेका कंपनी को निर्माण कार्य में तेजी लानी पड़ी है। लंबे समय से गौरवपथ का निर्माण अधूरा पड़ा हुआ था, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए थे और उड़ती धूल से व्यापारी और राहगीर परेशान थे।

मंगलवार को जब पेंच वर्क का कार्य शुरू हुआ तो मौके पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और काम का जायजा लिया। मशीनों की आवाज और डामरीकरण की तैयारी देखकर नगरवासियों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। लोगों का कहना है कि यदि इसी गति से काम चलता रहा तो जल्द ही उन्हें धूल और गड्ढों से राहत मिल जाएगी।

स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि सड़क खराब होने के कारण उनका व्यापार भी प्रभावित हो रहा था। ग्राहक धूल और गड्ढों की वजह से बाजार आने से कतराते थे। अब सड़क बनने से व्यापार में भी तेजी आने की उम्मीद है।

एल्डरमैन अमितेश आर्य ने कहा कि गौरवपथ नगर की मुख्य सड़क है और इसका निर्माण जल्द पूरा होना जरूरी है। उन्होंने ठेका कंपनी को गुणवत्ता के साथ समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नगरवासियों ने इस पहल के लिए एल्डरमैन अमितेश आर्य का आभार व्यक्त किया है और उम्मीद जताई है कि गौरवपथ का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा होगा।

Hot Topics

Related Articles