बेमेतरा: आत्मानंद स्कूल दाढ़ी के प्राचार्य पर अवैध वसूली और अभद्रता का आरोप, संविदा शिक्षकों ने खोला मोर्चा; कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश

बेमेतरा। जिले के शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय दाढ़ी के प्राचार्य जी. आर. (गेंदराम) चतुर्वेदी के खिलाफ छत्तीसगढ़ सेजेस संविदा शिक्षक व कर्मचारी संघ ने मोर्चा खोल दिया है। स्कूल में पदस्थ तीन महिला शिक्षिकाओं समेत 16 संविदा शिक्षकों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्राचार्य के विरुद्ध हस्ताक्षरयुक्त शिकायत पत्र सौंपा है और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिक्षकों ने आरोप लगाया है कि प्राचार्य द्वारा उन्हें लगातार मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।

शिकायत पत्र के अनुसार, प्राचार्य पर गोपनीय चरित्रावली (CR) खराब करने की धमकी देकर शिक्षकों से 10-10 हजार रुपये की अवैध मांग करने का आरोप है। इसके अलावा, महिला शिक्षिकाओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि मातृत्व अवकाश के दौरान वेतन रिकवरी का हवाला देकर उनसे 45 से 60 हजार रुपये तक की डिमांड की गई। रुपये नहीं देने पर छह माह का वेतन काटने, नौकरी से निकालने और संस्था बंद कराने तक की धमकी दी जा रही थी। इतना ही नहीं, शिक्षिकाओं का यह भी आरोप है कि प्राचार्य भरी मीटिंग में उनके कपड़ों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हैं और ‘टोनही’ जैसे अपमानजनक शब्दों का प्रयोग कर उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित करते हैं।

शिक्षक संघ ने दावा किया है कि उनके पास इन सभी आरोपों को साबित करने के लिए ठोस सबूत मौजूद हैं। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, उन्होंने 3 नवंबर 2025 से 1 मई 2026 के बीच मातृत्व अवकाश के लिए आवेदन दिया था, जिसकी रिसीव कॉपी और स्कूल रजिस्टर में प्रविष्टि उनके पास सुरक्षित है। साथ ही, बैठकों में अपमानित करने और धमकाने के ऑडियो-वीडियो साक्ष्य भी उपलब्ध हैं। संघ ने प्रशासन को निष्पक्ष जांच और कार्रवाई के लिए अल्टीमेटम देते हुए मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बेमेतरा कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने तत्काल संज्ञान लिया है। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) अभय जायसवाल को जांच अधिकारी नियुक्त करते हुए एक सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, आरोपों की संवेदनशीलता को देखते हुए डीईओ द्वारा दुर्ग संभाग के संयुक्त संचालक (JD) कार्यालय को पत्र लिखकर संभागीय स्तर की जांच टीम गठित करने की भी मांग की गई है।

दूसरी ओर, प्राचार्य जी. आर. चतुर्वेदी ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें निराधार और असत्य बताया है। प्राचार्य का कहना है कि उन्होंने 17 जून 2026 को स्कूल में पदभार ग्रहण किया है, जबकि शिकायत में जिस मातृत्व अवकाश की अवधि का जिक्र किया जा रहा है, वह उनके कार्यकाल से पहले की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी शिक्षक को प्रताड़ित नहीं किया गया है और प्रशासनिक जांच में पूरी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

Hot Topics

Related Articles