बिलासपुर में पुलिस की मनमानी, बिना वजह बंद किए 40 साल पुराने रास्ते, राहगीर परेशान

  • बिलासपुर में पुलिस ने बिना प्रदर्शन और संकट के 40 साल पुराने रास्ते बंद कर दिए, जल संसाधन विभाग तिराहा और इंदिरा सेतु चौराहे पर आवागमन रोका गया।

कमलकांत पाटनवार ,बिलासपुर । शहर में 40 वर्षों से अधिक समय से आम लोगों की आवाजाही के लिए इस्तेमाल हो रहे रास्तों को पुलिस ने बंद कर दिया है। जल संसाधन विभाग के सामने स्थित तिराहे और इंदिरा सेतु चौराहे के पास कोन्हेर गार्डन पहुंच मार्ग पर पुलिस ने स्टापर लगाकर आवागमन रोक दिया है।

कहीं नो एंट्री का बोर्ड लगाकर सड़क का बड़ा हिस्सा बंद कर दिया गया है। न कोई प्रदर्शन है और न ही कोई बड़ी आपदा या संकट, फिर भी इस मनमानी से राहगीरों को परेशानी हो रही है। सुप्रीम कोर्ट के अनुसार, ठोस कारण के बिना सार्वजनिक सड़कों को अनिश्चितकाल तक बंद नहीं किया जा सकता।

वाहनों का प्रवेश रोकने पुलिसकर्मी तैनात

तिराहे पर पुलिस ने एक पुलिसकर्मी की ड्यूटी लगा रखी है। विभाग के दफ्तर के सामने से वाहनों का प्रवेश रोकने के साथ-साथ पुलिसकर्मी चालकों को एसपी कार्यालय या वेयर हाउस रोड की ओर डायवर्ट करता है। नईदुनिया टीम ने सड़क बंद करने का कारण पूछा तो पुलिसकर्मी सिर्फ इतना बता सका कि आदेश पुलिस अधिकारियों ने दिया है, जिसका वह पालन कर रहा है।

मार्ग किनारे शुरू हुई पार्किंग

इस मार्ग को बंद करने के बाद यहां सड़क किनारे और कार्यालयीन दिवस में चार पहिया वाहनों की पार्किंग हो रही है। यानी पुलिस ने सड़क बंद की तो इसका फायदा वाहनों की पार्किंग के रूप में होने लगा है। दूसरी ओर, तिराहे से आगे एसपी कार्यालय पहुंच मार्ग पर नो पार्किंग का सिर्फ बोर्ड लगा है, जबकि यहां बेधड़क चार पहिया वाहनों की पार्किंग हो रही है।

इंदिरा सेतु चौराहे की एक सड़क सात वर्षों से बंद

इंदिरा सेतु चौराहे के पास कोन्हेर गार्डन और छत्तीसगढ़ भवन पहुंच मार्ग को पुलिस ने पिछले सात वर्षों से बंद कर दिया है। पूर्व में पुलिस ने इस मार्ग को दुर्घटना के मद्देनजर बंद करने का हवाला दिया था। करीब एक वर्ष पूर्व पुलिस ने मार्ग को वन-वे कर सड़क पर लोहे की रेलिंग लगा सड़क को दो भागों में बांट दिया है। ऐसे में लोगों को अब घूमकर सड़क तक जाना पड़ता है।

अनिल तिवारी, रिटायर्ड डीएसपी

अनिश्चितकाल के लिए सड़क बंद करने का हक नहीं

आमतौर पर बड़े धरना-प्रदर्शन या वीआइपी विजिट के दौरान सड़क को बंद कर डायवर्ट करती है। यह कुछ घंटे या एक-दो दिन के लिए होता है, लेकिन अनिश्चितकाल तक सड़क को बंद करना व्यवस्था को प्रभावित करता है। सड़क बंद करना गलत है और यह पुलिस के अधिकार क्षेत्र में भी नहीं है। पुलिस को समस्याओं को दूर करने का प्रयास करना चाहिए, न कि सड़क बंद कर लोगों की समस्याएं और बढ़ाना।

 

 

Hot Topics

Related Articles