- ज्यादा बिल, 22 माह से लंबित ट्रांसफार्मर, वोल्टेज की समस्या और फीडर की अव्यवस्था से परेशान ग्रामीणों ने जल्द निराकरण की मांग की
संदीप यादव मुंगेली। ग्राम पंचायत देवगांव के ग्रामीणों ने बिजली की लगातार समस्याओं से परेशान होकर संबंधित विभाग का घेराव किया। ग्रामीणों का नेतृत्व सरपंच योगेश पटेल एवं जनपद सदस्य प्रतिनिधि राजेश साहू ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और उन्होंने अपनी समस्याओं को विभागीय अधिकारियों के सामने रखा।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में बिजली से जुड़ी कई समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं, लेकिन बार-बार शिकायत के बाद भी उनका निराकरण नहीं हो पा रहा है।
मुख्य समस्याएं ये रहीं –
1. बहुत ज्यादा बिजली का बिल आना – ग्रामीणों का कहना है कि घरों में कम खपत के बाद भी बहुत ज्यादा बिजली का बिल आ रहा है। इससे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। बिल सुधार के लिए कई बार आवेदन दिया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
2 ट्रांसफार्मर की कमी – गांव में नए ट्रांसफार्मर की मांग को लेकर 22 माह पूर्व आवेदन दिया गया था, लेकिन आज तक उस पर कोई कार्यवाही नहीं हुई। ट्रांसफार्मर की कमी के कारण बार-बार बिजली गुल हो जाती है और मोटर, पंखा, फ्रिज जैसे उपकरण भी खराब हो रहे हैं।
*3. वोल्टेज की समस्या -* गांव में वोल्टेज की समस्या भी गंभीर बनी हुई है। कभी वोल्टेज बहुत कम हो जाता है तो कभी अचानक बढ़ जाता है। इससे पढ़ाई करने वाले बच्चों, किसानों और घरेलू कामकाज में भारी परेशानी हो रही है।
*4. फीडर टाउन 2 की व्यवस्था के बाद भी ग्रामीण लाइन की समस्या -* ग्रामीणों ने बताया कि गांव में फीडर टाउन 2 की व्यवस्था होते हुए भी गांव में ग्रामीण लाइन की समस्या बनी हुई है। लाइन बार-बार टूट जाती है और मरम्मत में कई-कई दिन लग जाते हैं।
ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से जल्द से जल्द सभी समस्याओं का निराकरण करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीणों को मजबूरन बड़ा आंदोलन करना पड़ेगा।
सरपंच योगेश पटेल ने कहा कि गांव की बिजली समस्या को लेकर कई बार विभाग को अवगत कराया गया है, लेकिन आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। जनपद सदस्य प्रतिनिधि राजेश साहू ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याएं जायज हैं और विभाग को तुरंत इस पर ध्यान देना चाहिए।
इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर जल्द निराकरण का आश्वासन दिया है।












