सिद्ध बाबा ओवरब्रिज और सेमरियाघाट पुल निर्माण का टेंडर भी जारी, क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर
भाटापारा।भाटापारा विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने जा रही है। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा के अनुशंसा और निरंतर प्रयासों से छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग ने क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण सड़कों के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्यों के लिए कुल 47 करोड़ 89 लाख 85 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर द्वारा 25 नवंबर 2026 को स्वीकृति आदेश जारी किए गए हैं।
करहीबाजार-रामपुर मार्ग के लिए ₹11.50 करोड़ स्वीकृत
पहले कार्य के अंतर्गत करहीबाजार पुलिस चौकी से रामपुर होते हुए शिवनाथ नदी पुल तक 4.50 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 11 करोड़ 50 लाख 3 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। यह मार्ग करहीबाजार, रामपुर सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। सड़क के निर्माण से किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
भाटापारा-मोपका-धनेली मार्ग के लिए ₹36.39 करोड़ की मंजूरी
दूसरे महत्वपूर्ण कार्य के तहत भाटापारा-मोपका-धनेली मार्ग के 19.20 किलोमीटर हिस्से के मजबूतीकरण के लिए 36 करोड़ 39 लाख 82 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। यह मार्ग क्षेत्र की प्रमुख और व्यस्त सड़कों में शामिल है। इसके निर्माण से भाटापारा नगर सहित मोपका, धनेली और आसपास के गांवों के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा। साथ ही व्यापारिक गतिविधियों और कृषि उपज के परिवहन को भी सुविधा मिलेगी।
सिद्ध बाबा ओवरब्रिज और सेमरियाघाट पुल का टेंडर जारी
सड़क निर्माण की इन स्वीकृतियों के साथ क्षेत्र के लिए एक और बड़ी खबर सामने आई है। शिवरतन शर्मा ने बताया कि भाटापारा के बहुप्रतीक्षित सिद्ध बाबा ओवरब्रिज और सेमरियाघाट पुल निर्माण कार्य का टेंडर भी जारी हो चुका है। अब इन दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं के निर्माण का रास्ता साफ होता दिखाई दे रहा है।
सिद्ध बाबा ओवरब्रिज बनने से रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले लंबे जाम से नगरवासियों, व्यापारियों, किसानों और विद्यार्थियों को राहत मिलेगी। वहीं सेमरियाघाट पुल के निर्माण से बरसात के दिनों में नदी में पानी बढ़ने के कारण बाधित होने वाला आवागमन सुगम होगा। इससे किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में भी सहूलियत मिलेगी।
शिवरतन शर्मा ने जताया मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों का आभार
इन विकास कार्यों की स्वीकृति पर शिवरतन शर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, लोक निर्माण मंत्री अरुण साव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी एवं छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में विकास कार्यों को निरंतर गति मिल रही है। भाटापारा विधानसभा क्षेत्र की सड़क, पुल-पुलिया और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, किसानों को सुविधा मिलेगी और रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे।
शिवरतन शर्मा ने कहा कि भाटापारा विधानसभा का हर गांव, हर सड़क और हर किसान की समस्या उनकी अपनी समस्या है। क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांगों को पूरा कराने के लिए वे आगे भी निरंतर प्रयास करते रहेंगे।
क्षेत्र में खुशी का माहौल
दो महत्वपूर्ण सड़कों की स्वीकृति और दोनों पुलों के टेंडर जारी होने की खबर से भाटापारा, करहीबाजार, रामपुर, मोपका, धनेली और सेमरिया सहित आसपास के क्षेत्रों में खुशी का माहौल है। भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, सरपंचों और नागरिकों ने इन विकास कार्यों के लिए प्रसन्नता व्यक्त की है।
क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि इन परियोजनाओं का निर्माण शीघ्र शुरू होगा और भाटापारा विधानसभा को बेहतर सड़क एवं पुल कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।












