विकसित भारत 2047 के संकल्प पर 150 युवाओं ने किया संवाद, संविधान दिवस पर राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का लिया संकल्प
भाटापारा के शासकीय गजानंद अग्रवाल महाविद्यालय में हुआ युवा संवाद, नशामुक्त भारत और सामाजिक जिम्मेदारी पर भी हुई चर्चा
भाटापारा।संविधान दिवस के अवसर पर शासकीय गजानंद अग्रवाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मेरा युवा भारत एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की थीम ‘विकसित भारत @2047’ रही। इसमें लगभग 150 युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को देश की विकास यात्रा से जोड़ना, वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य से परिचित कराना तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि परिचय मिश्रा एवं विशिष्ट अतिथि सुनील यदु उपस्थित रहे। यूथ आइकॉन आलोक गुप्ता ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। अतिथियों ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। सकारात्मक सोच, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और सक्रिय सहभागिता के माध्यम से युवा देश के भविष्य को नई दिशा दे सकते हैं।
कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी अनन्या मिश्रा, रमन पटेल एवं राजीव मिर्झा की सहभागिता रही। उनके मार्गदर्शन में युवाओं को माय भारत की विभिन्न गतिविधियों, योजनाओं और उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी गई। संवाद एवं प्रेजेंटेशन के माध्यम से विकसित भारत @2047 के लक्ष्य, भारत की विकास यात्रा, सामाजिक एवं आर्थिक परिवर्तन तथा आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना पर विस्तार से चर्चा की गई।
नशामुक्त भारत बनाने युवाओं से किया आह्वान
कार्यक्रम में नशामुक्त भारत अभियान को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। युवाओं को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और उसके स्वास्थ्य, परिवार तथा समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। वक्ताओं ने कहा कि नशा युवाओं की क्षमता और भविष्य को प्रभावित करता है। इसलिए प्रत्येक युवा को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए तथा अपने आसपास नशामुक्त वातावरण बनाने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि नशामुक्त और जागरूक युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव बनेंगे।
संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर लिया संकल्प
संविधान दिवस के अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों एवं युवाओं ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। इस दौरान न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे संवैधानिक मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को यह संदेश दिया गया कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का सपना केवल सरकारी योजनाओं से साकार नहीं होगा, बल्कि इसके लिए प्रत्येक नागरिक की जागरूकता, जिम्मेदारी और सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही आत्मनिर्भर, सशक्त और विकसित भारत का निर्माण संभव है।












