ग्लोबल जर्नलिस्ट मीडिया संघ का आयोजन, पत्रकारों सहित आम नागरिकों की रही सहभागिता
26 नवंबर: एक ओर शहादत की पीड़ा, दूसरी ओर संविधान के गौरवशाली इतिहास का स्मरण
भाटापारा,समय के कालचक्र में दिन बीतते हैं और तारीखें बदलती रहती हैं, लेकिन कुछ तिथियां इतिहास में ऐसी अमिट छाप छोड़ जाती हैं, जिन्हें देश और समाज कभी भुला नहीं पाता। ये तिथियां कभी पीड़ा और संवेदना के रूप में तो कभी गौरव और उपलब्धि के रूप में जनमानस के हृदय में सदैव जीवंत रहती हैं। 26 नवंबर भी ऐसी ही एक महत्वपूर्ण तारीख है, जो भारतीय इतिहास में दो विशिष्ट घटनाओं के कारण विशेष स्थान रखती है।
ऐतिहासिक घटनाक्रम की साक्षी है 26 नवंबर
26 नवंबर का दिन देश के इतिहास में एक ओर गहरी पीड़ा की याद दिलाता है, तो दूसरी ओर गौरवशाली संवैधानिक विरासत का स्मरण कराता है। 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए भीषण आतंकी हमले में सैकड़ों निर्दोष नागरिकों ने अपनी जान गंवाई तथा देश की रक्षा में अनेक वीर जवानों और सुरक्षाकर्मियों ने सर्वोच्च बलिदान दिया। वहीं, 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को औपचारिक रूप से अंगीकृत किया था। इसी ऐतिहासिक उपलब्धि की स्मृति में प्रतिवर्ष संविधान दिवस मनाया जाता है।
इस प्रकार 26 नवंबर शहादत, संवेदना, राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बन गया है।
ग्लोबल जर्नलिस्ट मीडिया संघ ने किया भावपूर्ण आयोजन
इन्हीं ऐतिहासिक घटनाओं की स्मृति को संवेदनात्मक अभिव्यक्ति प्रदान करने के उद्देश्य से ग्लोबल जर्नलिस्ट मीडिया संघ द्वारा भारतमाता जयस्तंभ चौक पर एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजन में पत्रकारों के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े नागरिकों ने सहभागिता कर शहीदों को नमन किया तथा संविधान के आदर्शों और उसकी महत्ता का स्मरण किया।
कैंडल प्रज्ज्वलन से शहीदों को नमन, विचार उद्बोधन से संविधान का गुणगान
कार्यक्रम में भावनाओं की अभिव्यक्ति के दो महत्वपूर्ण स्वरूप देखने को मिले। मुंबई आतंकी हमले में शहीद हुए वीर जवानों एवं निर्दोष नागरिकों को भारतमाता प्रतिमा और जयस्तंभ के समक्ष कैंडल प्रज्ज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वहीं संविधान दिवस के अवसर पर विचार उद्बोधन के माध्यम से भारतीय संविधान की गरिमा, दिव्यता, मूल भावना और लोकतांत्रिक मूल्यों पर प्रकाश डाला गया।
पत्रकार मुकेश शर्मा के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य एवं एडवाइजरी पैनल से जुड़े प्रकाश मोदी, ग्लोबल मीडिया संघ के अध्यक्ष शंकरलाल सोनी, डॉ. वाई.पी. सोनी तथा कमल नारायण यदु ने अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने मुंबई आतंकी हमले की पीड़ा को याद करते हुए शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। साथ ही भारतीय संविधान की महत्ता, उसकी व्यापकता और देश की एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में उसकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर प्रख्यात गायक मोहनलाल वर्मा ने सुमधुर गीत की प्रस्तुति के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त कीं और कार्यक्रम को भावपूर्ण स्वरूप प्रदान किया।
सर्वजन की सहभागिता ने आयोजन को बनाया सार्थक
आयोजन में संघ के सदस्यों सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इनमें हरिहर शर्मा, ललित तिवाड़ी, गिरधर गोपाल शर्मा, भूमेश पाण्डेय, माणिकचन्द्र यादव, योगेश शर्मा एवं राजकुमार शर्मा सहित अन्य नागरिकों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।












