बिदबिदा में करंट से एक और किसान की मौत, विद्युत विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल

खेत में ट्रांसफार्मर के पास बिजली तार की चपेट में आए जेठू राम राजपूत, पहले भी हो चुकी है मांझीलाल की मौत, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

संदीप यादव सरगांव / मुंगेली। ग्रामीण अंचलों में विद्युत सुरक्षा के दावों के बीच ग्राम बिदबिदा में करंट से एक और किसान की मौत हो गई। खेत में ट्रांसफार्मर के पास बिजली के तार की चपेट में आने से किसान जेठू राम राजपूत की दर्दनाक मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह किसान ट्रांसफार्मर के समीप मौजूद थे। इसी दौरान वे विद्युत तार के संपर्क में आ गए। करंट इतना घातक था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर सरगांव पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा सहित आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरगांव भेज दिया।

*एक हादसे के बाद दूसरा, ग्रामीणों में नाराजगी*
ग्राम बिदबिदा में इससे पहले भी खेत में पानी देखने पहुंचे 60 वर्षीय किसान मांझीलाल राजपूत की करंट की चपेट में आने से मौत हो चुकी है। उस घटना के बाद ग्रामीणों ने जर्जर बिजली के तारों और झुके खंभों को लेकर विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी जताई थी तथा व्यवस्था सुधारने की मांग की थी। इसके बावजूद गांव में दूसरी घटना सामने आने से विद्युत सुरक्षा और विभागीय निगरानी पर सवाल खड़े हो गए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कई जगह बिजली के तार काफी नीचे लटके हुए हैं और खंभे झुके हुए हैं। ट्रांसफार्मर के आसपास भी सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। शिकायत के बाद भी सुधार नहीं हुआ, जिसका खामियाजा किसानों को अपनी जान देकर भुगतना पड़ रहा है।

*जांच और सुधार की मांग*
ग्रामीणों ने दोनों घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराने, विद्युत तारों, ट्रांसफार्मरों और खंभों का तत्काल निरीक्षण करने तथा लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पूरे क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

गांव में किसान की मौत से शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की भी मांग की है।

Hot Topics

Related Articles